टाइगर ऑफ कोल्हान के किले में “झारखंडी शेर” का शक्ति प्रदर्शन! गम्हरिया से सीएम हेमंत की हुंकार

रांची: पूर्व सीएम और टाइगर ऑफ कोल्हान के रुप में पुकारे जाने वाले चंपाई सोरेन का बगावत के बीच आज सीएम हेमंत गम्हरिया से कोल्हान के तीन जिलों के लाभुकों को मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना की पहली किस्त का वितरण करने वाले हैं. हालांकि यह एक सरकारी कार्यक्रम है, लेकिन सियासी हलकों में इसे झामुमो का शक्ति प्रदर्शन माना जा रहा है. दावा किया जा रहा है कि कार्यक्रम के बहाने सीएम हेमंत अपने विधायकों और कार्यकर्ताओं को यह आश्वस्त करने की कोशिश कर रहे हैं कि चंपाई सोरेन के पालाबदल का झामुमो के सियासी जमीन पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला है. आज भी कोल्हान झामुमो का सुरक्षित किला है और किसी एक चेहरे के धोखाधड़ी से कुछ भी बदलने वाला नहीं है.
आज चंपाई सोरेन मंत्रिमंडल से सौंप सकते हैं अपना इस्तीफा

आपको याद दिला दें कि आज पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के द्वारा हेमंत मंत्रिमंडल से इस्तीफे की औपचारिक घोषणा भी की जा सकती है. साफ है कि आज पूरे झारखंड की नजर कोल्हान की सियासी गतिविधियों पर टिकी होगी, खास कर सीएम हेमंत के कार्यक्रम में किन-किन विधायकों और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही और किन किन चेहरों की गैर मौजूदगी रहती है, आज यह सबसे बड़ी खबर होगी.आज से महज दो दिन बाद यानि 30 अगस्त को चंपाई सोरेन भाजपा का दामन थामने की घोषणा कर चुके हैं, झामुमो के अंदर भी सियायी गतिविधियां तेज है, एक बार फिर से विधायकों पर नजर रखी जा रही है, उनकी गतिविधियों से संभावित घटनाक्रम को समझने की कोशिश की जा रही है.
कार्यक्रम स्थल से कई विधायकों ने बनायी दूरी
इस बीच खबर यह भी है कि कल सांसद जोबा मांझी और दूसरे विधायकों के द्वारा कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया गया, लेकिन समीर मोहंती, मंगल कांलिदी और संजीव सरदार की उपस्थिति देखने को नहीं मिली. हालांकि समीर मोहंती पहले ही सीएम हेमंत के प्रति अपनी निष्ठा प्रकट कर चुके हैं, लेकिन मंगल कांलिदी और संजीव सरदार की निष्ठा को संदेह के घेरे में होने की खबर है. संजीव सरदार को तो चंपाई सोरेन का सबसे करीबी भी बताया जाता है. दावा किया जाता है संजीव सरदार को टिकट दिलाने में भी चंपाई सोरेन का हाथ था, उन्ही की अनुशंसा पर झामुमो का टिकट मिला था, इस हालत में अब संजीव सरकार का रुख क्या होगा? यह भी देखने वाली बात होगी, वैसे एक खबर यह भी है कि आज कुणाल षांडगी की घर वापसी हो सकती है, और यदि कुणाल षाड़गी की घऱ वापसी होती है तो उस हालत में समीर मोहंती निष्ठा कितनी अटूट रह पायेगी, यह भी एक बड़ा सवाल होगा. लेकिन इन नामों के साथ ही शक की सुई कुछ कांग्रेसी विधायकों पर भी बनी हुई है, दावा किया जा रहा है कि कांग्रेस के अंदर भी ऑपरेशन लोट्स की पहुंच हो चुकी है, उसके कुछ विधायक भी चंपाई सोरेन के साथ भाजपा का दामन थाम सकते हैं. जिन नामों की चर्चा है, उन सभी की नारजगी के अपने-अपने कारण है, किसी को मंत्री नहीं बनाये जाने का मलाल है तो किसी को मंत्री पद छीने जाने का गम है तो किसी को सांसदी का टिकट नहीं मिलने की पीड़ा. यानि कांग्रेस के तीन विधायक भी चंपाई सोरेन के साथ केसरिया बाना पहनने की तैयारी में हैं.
बगावत के बीच सीएम हेमंत ने संभाला मोर्चा
इन तमाम दावों के बीच सीएम हेमंत ने भी मोर्चा संभाल लिया है, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि यह बगावत किस मुकाम तक पहुंच पाता है, या फिर सब कुछ सहज और स्वाभाविक ढंग से नियंत्रित कर लिया जाता है. वैसे कोल्हन की सरजमीन पर सिर्फ ऑपरेशन लोट्स की ही चर्चा नहीं है, अंदरखाने झामुमो भी एक बड़े ऑपेरशन की तैयारी में हैं, चंपाई सोरेन की पलटी के बाद भाजपा के अंदर भी खुदबुदाहट तेज है, कई कार्यकर्ताओं को इस बात की आशंका है कि अब कोल्हान के टिकट वितरण में चंपाई सोरेन की भूमिका अहम हो जायेगी और चंपाई सोरेन की पूरी कोशिश अपने-अपने चेहतो को फिट करने की होगी, इस हालत में उनका सियासी भविष्य अधर में लटकना तय है, झामुमो की नजर भाजपा के अंदर की इस खदबदाहट पर लगी हुई है.
कोल्हान की सियासत में शाह मात का खेल जारी
कुल मिलाकर कोल्हान की सियासत में शाह मात का खेल जारी है, सारी तिकड़म के बावजूद भी भाजपा के लिए झामुमो के इस किले को भेदना आसान नहीं रहने वाला है और ना ही झामुमो के लिए 2019 वाली परिस्थितियां है. यदि उसे अपना पुराना प्रदर्शन दुहराना है, तो बेहद सधी चाल चलनी होगी. हालांकि विगत पांच सालों में सीएम हेमंत की पहचान एक सफल रणनीतिकार की रही है. जिसने अपने शतरंजी चाल से एक बाद एक भाजपा के सारे प्रयोगों की हवा निकाल दी. हर चुनौती का मुकाबला करने में सफल रहें, इस हालत में जब चुनाव सिर पर है और एक बार फिर से एक मुश्किल चुनौती पसरती दिख रही है, सामने चाचा चंपाई की चुनौती है. वही चाचा जिसे कभी वह खुद टाइगर ऑफ कोल्हान कह कर बुलाते थें, अब बदले हालात में देखना होगा कि इस टाइगर ऑफ कोल्हान की चुनौती का मुकाबला ‘झारखंडी शेर’ किस कुब्बत से और कितना कर पाता है.
