सिमरिया की कीमत चतरा में वसूल! आजसू के दावे पर असंमजस में भाजपा

रांची: जैसे-जैसे विधान सभा चुनाव की सरगर्मी तेज हो रही है, सियासी दलों के अंदर सीट शेयरिंग के बड़ा मुद्दा बनता दिख रहा है. इंडिया गठबंधन हो या एनडीए सीट शेयरिंग एक बड़ा मुद्दा है, जहां इंडिया गठबंधन के अंदर राजद कांग्रेस की चाहत अपने हिस्से सीट की संख्या में बढ़ोत्तरी की है, इंडिया गठबंधन का सबसे बड़ा घटक दल झामुमो से अधिक से अधिक सीटों की बारगेनिंग की है. एनडीए के अंदर आजसू-भाजपा के बीच भी खींचतान जारी है. इसी सीट शेयरिंग विवाद में वर्ष 2019 में आजसू भाजपा की राहे जूदा हुई थी, तात्कालीन सीएम रघुवर दास ने आजसू की मांग के सामने झुकने के बजाय अपने बूते मैदान में उतरने का फैसला किया था. हालांकि रघुवर दास का वह फैसला गलत साबित हुआ, और उनकी खुद की सीट भी सुरक्षित नहीं रह सकी. सीएम की कुर्सी पर विराजमान रहते हुए पूर्वी जमशेदपुर के उस सीट से हार का सामना करना, जहां से पांच बार लगातार चुनाव जीतने का शानदार रिकॉर्ड था.   

एक दर्जन सीटों पर भाजपा की हार का कारण बनी थी आजसू

उस मुकाबले में भले ही आजसू के हिस्से में महज दो सीट आयी हो, लेकिन करीबन एक दर्जन सीटों पर भाजपा की हार सिर्फ इसलिए हो गयी, क्योंकि आजसू एक अच्छी खासी संख्या में वोट काटने में सफल रहा. निश्चित रुप से इस बार भाजपा की कोशिश उस स्थिति से बचने की है, लेकिन इसके लिए उसे कीमत भी चुकानी होगी. चतरा विधान सभा में आजसू इसकी कीमत मांग रही है. हालांकि इस सीट पर वर्ष 2019 में राजद के सत्यानंद भोक्ता ने 101,710 के साथ जीत दर्ज की थी. जबकि भाजपा उम्मीदवार जनार्दन पासवान को 77,625 वोट के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था, आजसू  चतरा के मुकाबले में कहीं नहीं था, बावजूद इसके इस बार आजसू  का चतरा की सीट पर दावेदारी के अपने तर्क है.

सिमरिया की कीमत चतरा में वसूल

और इसकी वजह है वर्ष 2019 में सिमिरया विधान सभा में आजसू का शानदार प्रदर्शन, दरअसल तब सिमरिया में भाजपा के किशुन कुमार दास को 61,438 के साथ जीत मिली थी, लेकिन आजसू उम्मीदवार ने मनोज कुमार चन्द्रा ने 50,442 के साथ दूसरा स्थान प्राप्त किया था, बाबूलाल मरांडी की पार्टी झारखंड विकास मोर्चा के रामदेव सिंह भोगता 31,346  वोट के साथ तीसरा स्थान पर थें. अब आजसू भाजपा को उसकी जीती हुई सीट तो छोड़ने को तैयार है, लेकिन सिमरिया के बदले वह चतरा में इसकी कीमत वसूलना चाहता है. दूसरी तरफ भाजपा सिमरिया के साथ ही चतरा भी अपने पास रखना चाहती है.

चतरा में आजसू का कोई अस्तित्व नहीं

चतरा सांसद कालीचरण तो यह दावा भी कर चुके हैं कि पूरे चतरा संसदीय सीट में आजसू को कोई अस्तित्व नहीं है. भाजपा अपने बूते चतरा लोकसभा की सभी पांच विधान सभाओं में परचम फहराने जा रही है, जबकि आजसू वर्ष 2019 में सिमरिया में अपने प्रदर्शन को सामने रख कर भाजपा को आईना दिखला रही है. हालांकि कालीचरण के दावे जो भी हो, लेकिन फिलहाल चतरा लोकसभा की कुल पांच में तीन पर इंडिया गठबंधन का कब्जा है. चतरा एसी आरक्षित (राजद-सत्यानंद भोक्ता), मनिका एसटी आरक्षित( कांग्रेस- रामचन्द्र सिंह), लातेहार (झामुमो-वैधनाथ राम) विधायक है, जबकि सिमरिया (भाजपा किशुन कुमार दास) और पांकी (भाजपा-शशिभूषण मेहता) भाजपा के पास है. इस हालत में यदि आजसू भाजपा के रिश्ते खऱाब होते हैं या गठबंधन में दरार आती है, तो इसका सीधा लाभ एक बार फिर से इंडिया गठबंधन को मिल सकता है, हालांकि अभी भाजपा आजसू के अंदर सीट शेयरिंग को माथापच्ची जारी है, और इस बात के दावे किये जा रहे हैं कि जल्द ही इसका समाधान खोज लिया जायेगा, लेकिन जिस तरीके से वर्ष 2019 में सिमरिया में आजसू का प्रर्दशन रहा है, आजसू इसकी कीमत चतरा में वसूलने में पीछे नहीं रहेगी.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More