बम डिफ्यूज्ड, हेमंत ने पलटा गेम! भतीजे की चाल में दिशोम गुरु का ‘पुराना चावल’ ढेर

रांची: राजनीति में कौन सा पासा कब पलट कर खुद ‘गले की फांस’ बन जाये कुछ कहा नहीं जा सकता. ठीक यही स्थिति झारखंड की सियासत में देखने को मिल रही है, कल तक जिस चाचा चंपाई की बगावत में सियासत के महारथियों को कमल का फूल खिलता नजर आ रहा था, रांची भाया कोलकता दिल्ली पहुंचते ही वह सपना मुरझाता नजर आने लगा. कोलकाता से जैसे ही चंपई दा ने ‘आसमान’ की सैर शुरु की. राष्ट्रीय मीडिया से लेकर स्थानीय मीडिया में यह सुर्खियां बनने लगी कि चंपाई दा को कोल्हान के करीबन छह विधायकों का समर्थन प्राप्त है. एक राष्ट्रीय चैनल ने तो 22 विधायकों का भी दावा कर दिया. मानों, विधानसभा चुनाव के पहले ही हेमंत सरकार की विदाई हो चुकी हो, सत्ता हिचकोलें खा रही हो. लेकिन इधर चंपाई दा आसमान में उड़ान भरते रहे और इधर भतीजा सियासी शतरंज पर अपनी मोहरे सजाता रहा. जैसे ही चाचा चंपाई का कदम दिल्ली की जमीन पर पड़ा तो उनके साथ पार्टी से पहले ही निष्कासित किये जा चुके लोबिन हेम्ब्रम के सिवा कोई साथ खड़ा नहीं था. जिस खरसावां विधायक दशरथ गागराई के चंपाई के साथ दिल्ली जाने की खबर थी, उन्होंने मीडिया में जारी अपने लेटर पैड में इस बात का दावा किया कि हम आधी रोटी खायेंगे लेकिन गुरुजी के मान सम्मान को नीचे नहीं होने देंगे.

कोल्हान में भी सेंधमारी करने में असफल रहे चंपाई
याद रहे कि खरसांवा पूर्व सीएम चंपाई सोरेन के निकटवर्ती विधानसभा है, दशरथ गागराई को हो जनजाति का एक बड़ा चेहरा माना जाता है, लोकसभा चुनाव के वक्त इनका नाम भी चाईबासा संसदीय सीट के लिए उछला था, लेकिन आखिरकार चंपाई सोरेन ने संताल जनजाति से आने वाली जोबा मांझी पर अपनी सहमति दी थी. अब इस हालात में दशरथ गागराई चंपाई सोरेन के साथ क्यों खड़े होते? ठीक यही हालत बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती की भी रही, समीर मोहंती ने भी पाला बदल की किसी भी संभावना से साफ इंकार करते हुए विधानसभा क्षेत्र में भ्रमण की तस्वीर पेश कर दी. समीर मोहंती भी भाजपा के टिकट पर बहरागोड़ा से किस्मत आजमा कर हार का स्वाद चख चुके हैं. तो वहीं इनके सियासी प्रतिद्वंदी रहे कुणाल षांडगी भाजपा में जाकर अपना सियासी हश्र देख चुके हैं. इस हालत में समीर मोहंती झामुमो का दामन छोड़ भाजपा की सवारी करेंगे, यह भी पहले से ही एक सवाल था. बावजूद इसके राष्ट्रीय मीडिया में जेएमएम में बगावत की सुर्खियां बन रही थी या फिर योजनाबद्ध तरीके से बनाया जा रहा था. कुछ यही हालत दूसरे विधायकों की भी रही, जिस चमरा लिंडा को चंपाई के साथ बताया जा रहा था, वह राजधानी रांची में इसका खंडन कर रहे थे. कुल मिलाकर चंपाई सोरेन खाली हाथ दिल्ली पहुंचे. एक भी विधायक इस बगावत में उनका साथ देने को तैयार नहीं हुआ.
झामुमो से राह जुदा, लेकिन अभी बंद है भाजपा का दरवाजा
और यहीं से चंपाई सोरेन इस सियासी पिच पर गच्चा खाते दिखने लगे. उनकी सियासी चाहतें मुरझाने लगी, लेकिन इस बीच जिस तरीक से उन्होंने अपने एक्स एकाउंट से पार्टी का झंडा-बनैर उतारा, मंत्री के बजाय पूर्व मुख्यमंत्री का टैग लगाया, उसके बाद वह एक सियासी मंझधार में फंस चुके थें. जहां से झामुमो से राह तो जुदा हो चुकी थी, लेकिन भाजपा का दरवाजा खुलने में अभी कई पेंच था. भाजपा रणनीतिकार तो यह मान कर चल रहे थें यदि छह से सात विधायक भी साथ आ खड़ा होते हैं, तो विधानसभा चुनाव के पहले एक बड़ा नेरैटिव गढ़ा जा सकता है. झामुमो की इस टूट को महामहिमा मंडित कर विधानसभा चुनाव में जीत 1का ताल ठोका जायेगा, लेकिन यहां तो चंपाई दादा खाली हाथ खड़े थें. जिस चंपाई को कोल्हाना का टाइगर कहा जा रहा था, उसके साथ एक भी विधायक चलने को तैयार नहीं था. क्या अब भी चाचा चंपाई की नजर सीएम की कुर्सी पर होगी? या कम से कम किसी राज्य का राज्यपाल की चाहत पूरी की जायेगी?
भाजपा के सामने चंपाई सोरेन को लेकर नये सिरे से मंथन की चुनौती
इस हालात में भाजपा के सामने भी चंपाई सोरेन को लेकर नये सिरे से विचार करने की चुनौती भी खड़ी हो चुकी है. इधर चंपाई दादा की हसरत भी टूट चुकी थी. यदि वाकई उनके पास छह से साथ विधायकों का समर्थन प्राप्त होता तो सियासी सौदेबाजी की ताकत होती, वह अपनी शर्तों के साथ भाजपा के साथ समझौता करने की स्थिति में होते. लेकिन खाली हाथ चंपाई अब भाजपा के साथ सियासी सौदेबाजी करने की स्थिति में नहीं थें. इधऱ झामुमो की गाड़ी भी छूट चुकी थी. इसी सियासी विवशता में चंपाई सोरेन ने भावनात्मक पोस्ट डाल कर अपनी पीड़ा का इजहार कर शमां बांधने की कोशिश की,
जोहार साथियों,
आज समाचार देखने के बाद, आप सभी के मन में कई सवाल उमड़ रहे होंगे। आखिर ऐसा क्या हुआ, जिसने कोल्हान के एक छोटे से गांव में रहने वाले एक गरीब किसान के बेटे को इस मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया।
अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत में औद्योगिक घरानों के खिलाफ मजदूरों की आवाज…
— Champai Soren (@ChampaiSoren) August 18, 2024
लेकिन इस पीड़ा का इजहार करते वक्त उनके पास इस सवाल का कोई माकूल जवाब नहीं था कि आखिर इस अपमान के बीच मंत्री पद को स्वीकार ही क्यों किया? यदि सम्मान की इतनी ही फिक्र थी तो उसी दिन अपनी राह जुदा करने का एलान क्यों नहीं कर दिया? किस टाइमिंग का इंतजार कर रहे थे? और क्या इस टाइमिंग की खोज इस बात का पुख्ता प्रमाण नहीं है कि भतीजे हेमंत के खिलाफ साजिश की यह पटकथा बहुत पहले से लिखी जा रही थी और कालकोठरी में बंद हेमंत जब अपने हिस्से की लड़ाई लड़ रहा था, तब चाचा चंपाई सियासत की एक दूसरी पटकथा तैयार कर रहे थें. और जेल बंद हेमंत की भी इसकी भनक मिल रही थी. और यही कारण है कि जेल से बाहर आते ही पहला काम चाचा चंपाई को निपटाने का किया. क्या जिस बुनियाद पर हेमंत को कटघरे में खड़ा किया जा रहा था, इस बात का दावा किया जा रहा था कि यदि सीएम की कुर्सी चंद और महीने चंपाई सोरेन के पास ही रहती तो कौन सा आसमान टूट पड़ता? यह प्रकरण इस बात को प्रमाणित नहीं करता है कि चंपाई दा की सत्ता से विदाई की असली वजह हेमंत की सत्तालोलुपता नहीं, वह पटकथा थी, जो सीएम की कुर्सी पर रहते हुए लिखी जा रही थी.
अब चंपाई सोरेन की इस सियासी बेचारगी का दोहन करेगी भाजपा
खैर, अब इन बातों का कोई अर्थ नहीं है. अब सवाल महज इतना है कि क्या चाचा चंपाई इस हालत में अपनी शर्तो के साथ भाजपा के साथ समझौता करने की स्थिति में होंगे? और क्या भाजपा उनकी इस सियासी बेचारगी का दोहन नहीं करेगी? क्या उनकी स्थिति उस पत्ते की तरह नहीं हो गयी है, जो अपनी शाख से टूट चुका है, जिसके पास अपना कोई ठिकाना बचा ही नहीं है. बेटे को टिकट तो झामुमो से भी मिल सकता था. हालांकि दावा किया जा रहा है झामुमो बेटे को टिकट देने को भी तैयार नहीं थी. लेकिन बावजूद इसके क्या महज एक टिकट भर के लिए चंपाई दा ने यह खेल खेला था. देखना होगा कि चंद दिनों में भाजपा में एंट्री किन शर्तो पर होती है. चंपाई दा का जोर चलता है या फिर अब भाजपा की शर्तों के आगे घुटना टेकना पड़ता है. लेकिन बड़ा सवाल यह भी है कि सियासत के इस पुराने चावल को इस बात का विश्वास कहां से आया कि उनके साथ विधायकों का काफिला चल पड़ेगा? एक ही झटके में हेमंत को धराशायी कर सब कुछ अपने हाथ कर लेंगे, कहीं यह हेमंत की चाल तो नहीं थी? कहीं अपने ही विधायकों से चाचा चंपाई को यह विश्वास दिलाकर कि हम सब आपके साथ हैं, जैसे ही आखिरी सीन आया, पर्दा गिरा और पैरे के नीचे से जमीन तो नहीं खींच ली गयी? कहीं षडयंत्र की पटकथा लिखते लिखते चाचा चंपाई खुद ही किसी धोखे का शिकार तो नहीं हो गये? सत्ता और संघर्ष के इस पुराने चावल को नये-नवेले भतीजा ने अपनी चालों में फंसा कर बाहर का रास्ता तो नहीं दिखला दिया?
