झारखंड में नया खेला! डीजल से सरपट दौड़ा ई रिक्शा तो 19 हजार में एक आदमी का खाना

रांची: झारखंड और घोटाला एक दूसरे का पर्याय बन चुका हैं. पूजा सिंघल, रामनिवास यादव जैसे आईएस अफसर के साथ ही दर्जनों अधिकारी या तो जेल में है या गिरफ्तारी की तलवार लटक रही है. अभी चंद दिन पहले ही ग्रामीण विकास विभाग के मंत्री आलमगीर आलम के पीएस के नौकर के पास से 35 करोड़ कैश की बरामदगी हुई थी, जिसके बाद आलमगीर आलम को जेल यात्रा करनी पड़ी, साथ ही मंत्री पद से इस्तीफा भी सौंपना पड़ा, बावजूद इसके घोटाले की रफ्तार कम होती नजर नहीं आती. खनन घोटला, मनरेगा घोटला, जमीन घोटला, टेंडर कमीशन घोटला के बाद अब खेल घोटाला सुर्खियों में है.

भाजपा को मिली मुंह मांगी मुराद

जिस एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप 2023 को झारखंड का शान समझा रहा था, अब उसी में घोटाला की कहानी सामने आ रही है, दावा किया जा रहा है कि आयोजकों ने ई रिक्सा में डीजल भरमाने का अनोखा कीर्तिमान स्थापित किया है. राजधानी का रांची का मशहुर चाणक्या होटल, जहां तीन हजार में एक थाली मिल जाती है, मेहमानों को 19 हजार की एक एक थाली परोसी गई. हालांकि इन आरोपों में सच्चाई कितनी है, वह तो अभी जांच का विषय है, लेकिन जैसे ही यह खबर सामने आयी, जैसे भाजपा को मुंह मांगी मुराद मिल गयी. अभी-अभी लोकसभा चुनाव में आदिवासी बहुल सभी सीटों से सफाये के बाद मातम में डूबी भाजपा का हौसला बुंदल होता नजर आ रहा है, आरोपों के साये में विधान सभा चुनाव की सियासी वैतरणी पार होती नजर आ रही है.

खेल मंत्री हाफ़िजूल हसन को जेल जाने की भविष्यवाणी 

भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने तो खेल मंत्री हाफ़िजूल हसन को तुरंत होटवार जाने की भविष्यवाणी भी कर दी, अब जब निशिकांत दुबे ने मोर्चा खोल दिया तो भला बाबूलाल मरांडी पीछे कैसे रहते, बाबूलाल ने भी इस घोटाले की तुलना चारा घोटाले से करते हुए निशिकांत के नहले पर दहला मारने की कोशिश की. ताकि लोकसभा चुनाव के गम को कुछ तो दूर किया जाय. हालांकि यह सब कुछ मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से किये गये दावे हैं, बावजूद इसके खेल मंत्री हाफ़िजूल हसन ने जांच की बात की है, देखना होगा कि जांच रिपोर्ट में क्या सच्चाई सामने आती है, और यदि कहीं गड़बड़ी हुई तो क्या संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई होती है? या फिर मामले को रफा-दभा करने की कोशिश की जाती है.

चंपाई सरकार का एक और विकेट गिरने वाला है

ध्यान रहे कि एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप 2023 का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर 2023 तक जयपाल सिंह स्टेडियम में खेला गया था. जिसमें  छह सर्वश्रेष्ठ एशियाई महिला राष्ट्रीय टीमों के लिए द्विवार्षिक फील्ड हॉकी टूर्नामेंट किया गया था. अब इसमें भ्रष्टाचार की खबरें सामने आने के बाद खेल मंत्री हाफ़िजूल हसन निशाने पर हैं. दावा किया जा रहा है कि आलमगीर आलम के बाद चंपाई सरकार का एक और विकेट गिरने वाला है. यदि वाकई ऐसा होता है तो चंपाई सरकार के लिए विधान सभा चुनाव के पहले यह एक बड़ा झटका होगा.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More