गैंगस्टर अमन सिंह हत्याकांड में बड़ा खुलासा, सुंदर महतो नहीं, यूपी का रितेश यादव निकला हत्यारा
.jpg)
धनबाद: चार दिसंबर 2023 की सुबह-सुबह जब लोगों ने अखबारों का पन्ना पलटा, तो करीबन सभी अखबारों में एक ही सुर्खी थी. गैंगस्टर अमन की जेल में गोली मार कर हत्या. गैंगवार के लिए कुख्यात कोयलानगरी के लिए अपराध, हत्या और वसूली कोई नयी बात नहीं है. लेकिन जेल प्रशासन के साख पर एक सवाल जरुर था. क्योंकि मर्डर प्रशासन के नाक के नीचे जेल की चारदीवारी के अंदर हुई थी और संदेह की सुई कई चेहरों की ओर उठता नजर आया था. हत्याकांड के पीछे एक साथ कई थ्योरियां तैरती नजर आयी थी. कुछ लोग इसे गैंगवार का बेहद सामान्य-सा मर्डर मान रहे थें तो कइयों को इसके पीछे सफेदपोशों की भूमिका नजर आ रही थी. कोयला नगरी धनबाद से जुड़े पूर्ववर्ती हत्याकांडों से जोड़कर समझने की कोशिश की जा रही थी.
सुंदर महतो निकला रितेश यादव
इस हत्याकांड के बाद प्रशासन की साख पर सवाल खड़ा हुआ तो मामले में पुलिस तफ्तीश तेज हुई, और यह दावा किया गया कि हत्याकांड का मुख्य गुनाहगार सुन्दर महतो है. सुंदर महतो को 25 नवंबर 2023 को मुनीडीह पुलिस के द्वारा बाइक चोरी के आरोप में जेल में भेजा गया था. अपराध जगत पर नजर रखने वाले कई जानकारों को भी तब पुलिस की इस थ्योरी पर विश्वास नहीं हो रहा था. उनका मानना था कि इतने बड़े गैंगस्टर की हत्या एक बाईक चोर की बूते की बात संभव नजर नहीं आता, जरुर इसके पीछे कोई गहरी साजिश है. लेकिन अब जो सच्चाई सामने आयी है, उसके अनुसार मुनीडिह पुलिस से जिस सुंदर महतो को बाइक चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया था. दरअसल वह सुंदर महतो नहीं होकर यूपी का रहने वाला रितेश यादव है और उस पर पहले से ही कई मामले दर्ज है.
गैंगस्टर अमन सिंह भी था यूपी का रहने वाला
यहां यह भी याद रखने की जरुरत है कि गैंगस्टर अमन सिंह भी उत्तरप्रदेश के अंबेडकर नगर का रहने वाला था. गांव की एक लड़ाई में आरोपी बनाए जाने के बाद उसे पहली बार साल 2010 में फैजाबाद जेल गया था. जेल के अंदर उसकी मुलाकात यूपी के कुख्यात बदमाश मुन्ना बजरंगी से हुई और यहीं से उसकी आपराधिक दुनिया की शुरुआत हुई. यानि अमन सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी रितेश यादव और अमन सिंह दोनों का संबंध यूपी से है. दावा यह भी है कि सुंदर महतो को जेल भेजने के पहले मुनीडिह पुलिस ने उसका स्वीकारोक्ति बयान भी नहीं लिया. वह कौन है, उसका पिछला इतिहास क्या है, इसकी जांच भी नहीं की, और उसे सुंदर महतो समझ कर बाइक चोरी के आरोप में जेल भेज दिया. ये सारे खुलासे अब सीआईडी जांच में सामने आ रहे हैं.
आठ लोगों के खिलाफ चार्जशीट
सीआईडी ने अब तक इस मामले में आठ लोगों के खिलाफ चार्जशीट दायर किया है, जिसमें रितेश यादव, यूपी, विकास बजरंगी (नवादा बिहार), सतीश गांधी, (यूपी, बलिया) अभिमन्यु सिंह (जोड़ापोखर) और बंटी उर्फ धन्नू शर्मा (कुमारधुबी), पिंटू सिंह उर्फ जैनेंद्र कुमार (सरायढेला का), शहजाद कुरैशी (झरिया), चंदन यादव (कतरास) का नाम शामिल है. सीआईडी का दावा है कि रितेश यादव जब धनबाद जेल पहुंचा, तो जेल में पहले से बंद बंटू उर्फ धन्नू ने उसको अपने पास रखा. दोनों ने मिलकर आठ दिन तक लगातार अमन सिंह की रेकी और मौका मिलते ही तीन दिसंबर को गोलियों से छलनी कर दिया.
विकास बजरंगी की पिटाई का बदला
अमन सिंह की हत्या के पीछे मुख्य वजह धनबाद जेल में ही बंद विकास बजरंगी की पिटाई बतायी जा रही है. दावा किया जा रहा है कि अमन सिंह जेल में रहकर भी वसूली का रैकेट चलाता था. लेकिन इसकी हिस्सेदारी विकास बजरंगी और दूसरे साथियों की नहीं देता था. इस बीच धनबाद पुलिस ने अमन सिंह के गर्ल फ्रेंड को गिरफ्तार कर लिया. अमन सिंह को शक था ,उसकी गर्ल फ्रेंड की गिरफ्तारी के पीछे उसके साथियों का हाथ है. पुलिस को उसके ठिकानों की जानकारी उसके साथियों के द्वारा मुहैया करवायी गयी है. इसी गुस्से में एक दिन अमन सिंह ने विकास बजरंगी की पिटाई कर दी और यही से अमन सिंह के गुट में फूट की शुरुआत हुई.रास्ते से हटाने का प्लान तैयार हुआ, रितेश यादव की जेल यात्रा इसी प्लान का हिस्सा था.
किसने पहुंचाया जेल में पिस्टल
लेकिन यहां सवाल है कि जेल तक पिस्टल कैसे पहुंचा, तो इसमें एक दूसरा किरदार सतीश गांधी का नाम सामने आता है. अपराध की दुनिया का इस सरगना ने अंतर्धामिक विवाह किया है, उसका एक साला जेल से कुछ ही दूरी पर चाउमिन की दुकान चलाता है. अमन सिंह के साथियों को इसी दुकान से भोजन का पैकेट आता था. इसी दुकान से एक दिन चाउमीन के डब्बे में पिस्टल को सजा कर जेल के अंदर तक पहुंचा दिया गया. तब जेल का फ्रिस्किंग मशीन भी खराब थी. जिसके कारण डिब्बे के अंदर क्या है, इसका खुलासा नहीं हो सका. जैसे ही पिस्टल जेल के अंदर पहुंचा पिंटू नामक शख्स ने इसे अपने कब्जे में लिया और घटना के दिन रितेश यादव के हाथ में थमा दिया और इस प्रकारअमन सिंह का सफाया हो गया.
