नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव ने की रांची नगर निगम के कार्यों की समीक्षा
रांची: नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार ने रांची नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राजधानी की सड़कों की हालत सुधारें और जल्द से जल्द मरम्मत करनें की दिशा में काम शुरु कर दें. इसके साथ हीं सुनिश्चित करें कि सड़कों पर जल जमाव न हो. मंगलवार को राज्य सचिवालय प्रोजेक्ट भवन स्थित सभागार में रांची निगम क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रधान सचिव ने ये बात कही. उन्होंने यह भी कहा कि मास्टर प्लान 2015 के मुताबिक औद्योगिक क्षेत्र और आईटी पार्क विकसित करने का प्रयास करें .
प्रधान सचिव का निर्देश :
- शहर की सड़कों में दिख रहे गड्ढों का तुरंत मरम्मतीकरण किजिए.
- स्ट्रीट लाइट हर क्षेत्र में जले यह सुनिश्चित हो,अगर खराब है तो तुरंत बदलें और जहां लाइट नही है वहां लाइट लगाएं.
- इंटरसिटी बसों के लिए शहर में भी बस टर्मिनल होना चाहिए और अगर है तो वहां नागरिक सुविधाएं बेहतर किया जाए,यह निर्देश रातू रोड स्थित इटकी बस टर्मिनल और धुर्वा बस टर्मिनल के लिए है.
- शहर में मास्टर प्लान 2015 के अनुसार औद्योगिक क्षेत्र और आईटी पार्क विकसित किए जाएं.
- सड़कों के किनारें फूटपाथ का प्रावधान जरुर रखें और निर्माण कराएं,ताकि पैदल चलनेवाले लोग सुरक्षीत अपनें गंतव्य तक पहुंच सके.
- स्वच्छता को लेकर आरएफआईडी का उपयोग करें ताकि यह पता लग सके कि हर घर या हर सोसायटी से प्रतिदिन कूड़ा कचरा का उठाव हो रहा है कि नहीं.
- रांची शहर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत चल रही परियोजनाओं को जल्द पूरा करें.
- शहर के महत्वपूर्ण इलाकों में जगह चिन्हित कर बड़े शहरों की तरह रात्रि बाजार को प्रोत्साहित करें.
- सिवरेज व ड्रेनेज निर्माण के नाम पर जहां तहां सड़क न काटें.
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में विभागीय प्रधान सचिव के साथ साथ राज्य शहरी विकास अभिकरण के निदेशक अमित कुमार,अपर सचिव मनोहर मरांडी,अपर सचिव ज्ञानेंद्र कुमार,रांची नगर निगम के प्रशासक संदीप सिंह,संयुक्त सचिव दीपक दूबे,संयुक्त सचिव ज्योत्षना सिंह और नगर विकास एवं आवास विभाग तथा रांची नगर निगम के कई पदाधिकारी मौजूद रहे.
