सवालों के घेरे में पीएम मोदी का इतिहास ज्ञान! अब भगवान बिरसा को लेकर किया नया दावा

रांची: पीएम मोदी अपनी संवाद अदायगी के लिए जाने जाते हैं, संवाद अदायगी के लाखों दीवानें भी हैं. लेकिन कई बार भावावेश में ऐतिहासिक तथ्यों की अनदेखी भी कर जाते हैं. कभी वह पाकिस्तान के रावलपिंडी से करीबन 18 किलोमीटर की दूरी पर स्थित रहे तक्षशीला विश्वविद्यालय के बारे में बिहार की धरती पर होने का दावा करते हैं तो कभी गुरुनानक देव, संत कबीर और गुरु गोरखनाथ का एक साथ बैठकर आध्यात्मिक चर्चा की कहानी सुनाते हैं. जबकि इसका कोई ऐतिहासिक साक्ष्य मौजूद नहीं है. इसी तरफ उन्होंने यह दावा भी कर दिया था कि सिकंदर को गंगा नदी के तट से लौटना पड़ा था. जबकि सिकन्दर को व्यास नदी के तट से ही वापस लौटना पड़ा था. उसके सैनिकों ने व्यास नदी पार करने से इंकार कर दिया था. अब इसी कड़ी में लालकिले की प्राचीर से पीएम मोदी ने एक और दावा किया है. स्वतंत्रता दिवस के संबोधन में इस बात का दावा किया है कि भगवान बिरसा ने महज 21-22 वर्ष की उम्र में ही 1857 की क्रांति के दौरान अंग्रेजों का मुकाबला किया. उनके दांत खट्टे किये थें. जबकि भगवान बिरसा का जन्म 15 नंवबर 1875 हुआ था, यानि 1857 की क्रांति के 18 वर्ष बाद.
इतिहास ज्ञान पर सवाल
प्रधानमंत्री ने अपने भावावेश में इस बात का दावा तो जरुर कर दिया, लेकिन इस दावे से अब उनके इतिहास ज्ञान पर सवाल खड़े होने लगे हैं. आदिवासी मुद्दों पर लगातार लेखन कर रहे और कई पुस्तकों के रचयिता ग्लैडसन डुंगडुंग ने अपने फेसबूक पेज पर लिखा है कि ”भारत के यशश्वी प्रधानमंत्री और विश्वगुरु मोदी जी को इतिहास का बिल्कुल भी ज्ञान नहीं है, लेकिन झूठ को सच की तरह पेश करने में महारत हासिल है. धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा का जन्म 15 नवंबर 1875 को हुआ और “बिरसा उलगुलान” की अवधि 1895 से 1900 के बीच पांच वर्षों का था. लेकिन महामानव बता रहे हैं कि भगवान बिरसा ने 1857 से पहले यानी जन्म लेने से पहले ही अंग्रेजों के नाकों दम करके रखा था. देश के बच्चे के बौद्धिक विकास के बारे में सोचिए कि वे इनके भाषण या इतिहास की पुस्तकों पर भरोसा करें? वैसे फर्जी राष्ट्रवादी संघी भाजपाइयों से आप उम्मीद भी क्या कर सकते हैं.

झारखंड विधान सभा चुनाव पर नजर
वहीं कई जानकार इसे दावे को झारखंड में होने वाले विधान सभा चुनाव से भी जोड़कर देख रहे हैं. उनका मानना है कि प्रधानमंत्री का हर संबोधन राजनीति से प्रेरित होता है. वह समाज के किसी ना किसी हिस्से को सामने रख कर ही अपना संबोधन देते हैं. खास कर जिन राज्यों में चुनावी बिगुल बजने वाली होती है, उसका विशेष ध्यान होता है. इस बार उनके सामने झारखंड का आदिवासी समाज था. लोकसभा चुनाव में जिस तरीके से आदिवासी समाज ने भाजपा से दूरी बनायी, और इसके कारण आदिवासी बहुल सभी पांच सीटों से भाजपा का सफाया हुआ. प्रधानमंत्री लालकिले के प्राचीर से आदिवासी समाज को साधने की कोशिश कर रहे थें. उनकी चाहत आदिवासी समाज के समृद्ध अतीत और संघर्ष की परंपरा को सामने रख कर चुनावी समीकरण बिठाने की थी, लेकिन इस छटपटाहट में ऐतिहासिक तथ्यों की अनदेखी कर बैठे और 1857 की क्रांति में भगवान बिरसा के योगदान को रेखांकित करने की कोशिश कर डाली.
