पीएम मोदी से मिले बाबूलाल मरांडी, अमित शाह से रघुवर दास और शिवराज से चंपई सोरेन ने की मुलाकात

नई दिल्ली: झारखंड की राजनीति को लेकर मंगलवार को देश की राजधानी दिल्ली में काफी हलचल दिखाई दी। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर राज्य के राजनीतिक हालात पर चर्चा की। वहीं भाजपा में शामिल होने के आधिकारिक ऐलान के बाद झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री चंपाई सोरेन ने भी केंद्रीय कृषि मंत्री और झारखंड चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान से मुलाकात की। इन राजनीतिक हलचलों के बीच ओडिशा के वर्तमान राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से मुलाकात की।

चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने के आधिकारिक ऐलान के अगले दिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष की पीएम मोदी से हुई मुलाकात को आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हालांकि इस मुलाकात को लेकर बाबूलाल मरांडी ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने राज्य के राजनीतिक हालात और पार्टी संगठन द्वारा किए जा रहे कामकाज के बारे में प्रधानमंत्री को जानकारी दी। वहीं उन्होंने जेएमएम को लेकर दावा किया कि अब कुछ बचा नहीं है, चंपाई सोरेन के भाजपा में शामिल होने से निश्चित तौर पर राज्य में भाजपा को फायदा होगा।

चंपाई को लेकर हुई थी चर्चा

बाबूलाल मरांडी ने यह भी साफ किया कि चंपई सोरेन को भाजपा में शामिल करने पर पहले प्रदेश स्तर पर चर्चा हुई थी और उसके बाद ही उन्हें दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलवाया गया था। बाबूलाल मरांडी ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई मुलाकात की तस्वीर को शेयर करते हुए एक्स पर कहा,”आज नई दिल्ली में आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी से शिष्टाचार मुलाकात की।आदरणीय प्रधानमंत्री जी का सानिध्य एवं मार्गदर्शन सदैव जनसेवा की नई ऊर्जा एवं प्रेरणा प्रदान करता है। “

वहीं ओडिशा के वर्तमान राज्यपाल और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने केंद्रीय मंत्री अमित शाह के साथ अपनी मुलाकात की तस्वीरों को एक्स पर शेयर करते हुए कहा,”देश के यशस्वी गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह जी से आज नई दिल्ली में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उनसे ओड‍िशा समेत विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।”

आपको बता दें कि, असम के मुख्यमंत्री एवं झारखंड प्रदेश के चुनाव सह-प्रभारी हिमंत बिस्वा सरमा ने सोमवार को देर रात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह,चंपई सोरेन और अपनी मुलाकात की तस्वीर को साझा करते हुए एक्स पर पोस्ट कर बताया था कि, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और देश के प्रतिष्ठित आदिवासी नेता चंपई सोरेन 30 अगस्त को रांची में आधिकारिक तौर पर भाजपा में शामिल होंगे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More