सिमडेगा: मंडलकारा में एटीएस की छापामारी, अमन साहू के गुर्गे के पास से मोबाइल बरामद

सिमडेगा: मंडलकारा सिमडेगा में गुरुवार को झारखंड एटीएस की टीम ने छापेमारी की. एटीएस की टीम ने छापेमारी के दौरान सिमडेगा जेल में बंद अमन साहू गिरोह के एक सदस्य आकाश राय उर्फ मोनू के पास से मोबाइल और सिम कार्ड बरामद किये हैं. एटीएस को सुचना मिली थी कि आकाश राय सिमडेगा जेल में बैठकर ही आपराधिक घटनाओं को अंजाम दिलवा रहा है. जिसके बाद झारखंड एटीएस की टीम ने सिमडेगा जेल में छापेमारी की. एटीएस की जेल में आने की खबर पाकर आकाश राय ने अपना मोबाइल एवं सिम कार्ड निकाल कर छुपा दिया था.
एटीएस ने सिमडेगा पुलिस की मदद से जेल में करीब 5 घंटे तक छापेमारी की, जिसके बाद एक निर्माणाधीन बैरक के पास से मेटल डिटेक्टर की मदद से जमीन के नीचे छुपा कर रखा गया एक स्मार्टफोन बरामद किया गया. जानकारी के मुताबिक जेल से जो मोबाइल बरामद हुआ है उसी के माध्यम से आकाश राय अपने बॉस गैंगस्टर अमन साव और कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई से संपर्क करता था. एटीएस की टीम अब आकाश राय के मोबाइल को खंगाल रही है. बता दें कि आकाश राय पिछले दो सालों से वह सिमडेगा जेल में बंद है. पुलिस ने साल 2021 में अवैध हथियारों के साथ आकाश राय को गिरफ्तार किया था तब से ही वह जेल में है.
