“मंत्री मिथिलेश ठाकुर गढ़वा का आक्रमणकारी” पूर्व विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी का बड़ा हमला
रांची: विधानसभा चुनाव के दहलीज पर खड़ी झारखंड में सियासी पारा चढ़ने लगा है. आरोप-प्रत्यारोप की कहानी शुरु हो चुकी है. कुछ इसी अंदाज में पूर्व विधायक सत्येन्द्र नाथ तिवारी ने मंत्री मिथिलेश ठाकुर को आक्रमणकारी बता कर गढ़वा का सियासी पारा हाई कर दिया है. आरोपों की बौछार करते हुए सत्येन्द्र नाथ तिवारी ने दावा किया है कि गिरिनाथ सिंह के सहयोग से मिथिलेश ठाकुर जमीन का माफियागीरी कर रहे हैं, जमीन तो जमीन उनकी नजर हमारे देवी-देवताओं पर भी है. गढ़देवी मंदिर जिसे झारखंड के बाहर भी सम्मान के साथ देखा जाता है, दूर-दूर से दर्शनार्थी आते हैं. श्रद्धालूओं की भीड़ उमड़ती है, मंत्री मिथिलेश ठाकुर ने उसके तोरण द्वार पर अपने माता -पिता का नाम अंकित करवाया है. जैसे कि इस मंदिर की स्थापना उनके ही माता पिता के द्वारा की गयी हो. गढ़वा की जनता इसे कभी भी बर्दास्त नहीं करेगी.
गढ़वा के सम्मान के लिए जान की बाजी
सत्येन्द्र नाथ तिवारी ने दावा किया गढ़वा के सम्मान में जब-जब भी वह आवाज उठाते हैं, झूठे मुकदमें में फंसाकर आवाज दबाने की साजिश की जाती है. आज गढ़वा वासियों को जिस दुर्गती का से गुजरना पड़ रहा है, उसका गुनाहगार गिरिनाथ सिंह भी है. कमिशन के लालच में गिरिनाथ सिंह ने कभी भी मंत्री के काले-करतूतों के खिलाफ मुंह नहीं खोला. पूरे पांच साल तक धृतराष्ट्र की भूमिका में आंख बंद किये रहे और जब विधान सभा का चुनाव सिर पर है, मिथिलेश ठाकुर का भ्रष्टाचार उन्हे याद आने लगा है. लेकिन उनके मुंह से मिथिलेश ठाकुर को भ्रष्ट होना का दावा हजम नहीं होता. पूर्व विधायक ने मंत्री मिथिलेश ठाकुर से अपने हाथ से गढ़देवी मंदिर के तोरणदार से अपने माता-पिता का नाम मिटाने की सलाह दी, ताकि गढ़वावासियों की आत्मा को शांति मिल सके.
अपनी-अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने कवायद

आपको बता दें कि गिरिनाथ सिंह गढ़वा से चार बार के विधायक है. जबकि सत्येन्द्र नाथ तिवारी भी वर्ष 2009 और 2014 में इस गढ़वा विधान सभा से विधायक रह चुके हैं, वर्ष 2019 में पहली बार मिथिलेश ठाकुर ने झामुमो का परचम लहराया है. साफ है कि यह एक सियासी लड़ाई है, विधानसभा चुनाव को सामने देख कर अपनी-अपनी सियासी जमीन को मजबूत करने की कवायद है और इसी सियासी लड़ाई में मंदिर से लेकर देवी-देवताओं की भी एंट्री हो रही है. अभी चंद दिन पहले ही रंका को अनुमंडल और डंडा को प्रखंड बनाने का श्रेय लेने को लेकर भी सियासत शुरु हुई थी. गिरिनाथ सिंह रंका को अनुमंडल बनाने का श्रेय अपने सिर पर लेना चाहते हैं, लेकिन झामुमो के स्थानीय नेता गिरिनाथ सिंह को यादास्त ठीक रखने की सलाह दे रहे हैं. उनका दावा है कि रंका को अनुमंडल बनाने का श्रेय झामुमो को जाता है, 2008 में तात्कालीन सीएमम शिबू सोरेन के कर कमलों इसकी आधारशीला रखी गयी थी. लेकिन गिरिनाथ सिंह इसका श्रेय लेकर वाहवाही लूटना चाहते हैं. अभी वह विवाद थमा भी नहीं था कि इस बीच देवी-देवताओं की भी एंट्री हो गयी.
गिरिनाथ सिंह के सामने पुश्तैनी किला बचाने की चुनौती

गढ़वा गिरिनाथ सिंह का पुश्तैनी किला रहा है. पिता गोपीनाथ सिंह भी 1962 और 1969 में जनसंघ के टिकट पर और बाद के दिनों में इंदर सिंह नामधारी के नेतृत्व में गठित सम्पूर्ण क्रांति दल के बनैर तले 1985 और 1990 में जीत दर्ज कर विधान सभा पहुंच चुके हैं. खुद गिरिनाथ सिंह 1993 का उपचुनाव, 1995 और 2000 और 2005 अलग अलग पार्टियों से जीत दर्ज करते हुए विधान सभा पहुंच चुके हैं, वर्ष 2009 में झाविमो के सत्येन्द्रनाथ तिवारी के हाथों उन्हे हार का सामना करना और इस हार के साथ ही गिरिनाथ सिंह के राजनीतिक पराभव की शुरुआत होती है. वर्ष 2014 आते-आते सत्येन्द्रनाथ तिवारी झाविमो झोड़ भाजपा की सवारी कर चुके थें और इस बार भी गिरिनाथ सिंह के हिस्से हार का प्रसाद आया. 2019 में पहली बार गढ़वा से झामुमो को जीत मिली और फिलहाल मंत्री मिथिलेश ठाकुर हेमंत सरकार में मंत्री पद को सुशोभित कर रहे हैं.
गढ़वा की सियासत के त्रिमूर्ति
इस प्रकार गिरिनाथ सिंह, मिथिलेश ठाकुर और सत्येन्द्रनाथ तिवारी गढ़वा की सियासत के वह त्रिमूर्ति हैं, जिनके इर्द-गिर्द पूरी सियासत घूमती है. तीनों ही एक दूसरे के खिलाफ अपनी-अपनी सहूलियत के हिसाब से मोर्चा खोलते रहते हैं, और अब जब विधान सभा चंद कदम दूर है, यह मोर्चाबंदी और भी तेज हो रही है. अभी तो यह शुरुआत भर है, देखना होगा कि आगे कौन सा घमासान होता है.
