डीजीपी अनुराग गुप्ता ने अधिकारियों संग की बैठक, महिला सुरक्षा पर दिये आवश्यक निर्देश
रांची: पुलिस मुख्यालय स्थित सभागार से डीजीपी अनुराग गुप्ता ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची, धनबाद, जमशेदपुर एवं सभी पुलिस अधीक्षक, झारखण्ड के साथ मेडिकल कॉलेज, अस्पताल, नर्सिंग कॉलेज, कॉलेज की छात्राओं एवं स्कूली बच्चियों के सुरक्षा को लाकर समीक्षा बैठक कर कई आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.
स्कूल एवं कॉलेज में CCTV का निर्देश
पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड ने सभी पुलिस अधीक्षकों को उनके क्षेत्राधीन मेडिकल कॉलेज, सभी अस्पतालों, नर्सिंग कॉलेज, कॉलेज की छात्राओं एवं स्कूल की बच्चियों की सुरक्षा के लिये संस्थान के सभी महिलाओं को पुलिस नियंत्रण कक्ष / महिला थाना प्रभारी / निकटस्थ थाना प्रभारी का मोबाईल नम्बर उपलब्ध कराने सहित डायल-112 के बारे में जागरूक करने, महिलाओं में पुलिस के प्रति विश्वास पैदा करने हेतु सभी संस्थान में 24X7 सुरक्षा व्यवस्था तथा उनके कार्यस्थल पर संध्या 7:00 बजे से प्रातः 4:00 बजे तक विशेष सुरक्षा प्रबंध करने का निर्देश दिया. उन्होंने संस्थान के प्रबंधन संपर्क कर सीसीटीवी कैमरा अधिष्ठापन एवं विशेषकर वैसे जगह जहाँ महिलाओं की उपस्थिति होती हो वहाँ पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु निर्देश दिया.
उन्होंने सभी पुलिस अधीक्षकों को संबंधित जिला के थाना प्रभारियों के साथ बैठक कर जिलों में लगने वाले मेलों, हाट-बाजार में जाकर वहाँ के दुकानदारों, बाजार की अन्य महिलाओं की समस्या के बारे में जानकारी लेकर उनके समस्याओं का सामाधान करने तथा बाजार में अवैध उगाही करने वालों के खिलाफ सत्यापन कर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
स्कूल बसों व यात्री बसों के चालकों का ब्रेथ एनलाईजर टेस्ट का निर्देश
पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड ने राज्य के सभी स्कूल बसों के चालक / राज्य से बाहर जाने वाले सभी यात्री बसों के चालकों का ब्रेथ एनलाईजर से चेक करने का निर्देश दिया, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके. महिला सुरक्षा के मददेनजर उन्होंने विशेष रूप से राज्य के सभी रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के दृष्टिकोण से पूर्व से अधिष्ठापित सीसीटीवी कैमरों का निरीक्षण कर उसकी अद्यतन स्थिति एवं खराब कैमरों की मरम्मति / नये कैमरे अधिष्ठापित करने का निर्देश दिया ताकि महिला सुरक्षा के साथ-साथ रेलवे स्टेशनों पर नशाखुरानी के अपराधकर्मियों पर नियंत्रण रखा जा सके. सभी जिलों में कार्यरत महिला थानों की समीक्षा कर महिला थाना में महिला थाना प्रभारी एवं अन्य महिलाकर्मियों की प्रतिनियुक्ति, थाना को संचालित करने हेतु पर्याप्त स्थान, महिला थाना प्रभारी का जिला के अन्य थानों में हो रहे महिला संबंधी अपराधों में उपयोग, महिला थाना में भुक्तभोगी महिलाओं के साथ पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों का व्यवहार की समीक्षा करते हुये अग्रतर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
ये रहे मौजूद
बैठक में झारखण्ड पुलिस मुख्यालय सभागार से अनुराग गुप्ता, पुलिस महानिदेशक, झारखण्ड, संजय आनन्द राव लाठकर, अपर पुलिस महानिदेशक, अभियान, मनोज कौशिक, पुलिस महानिरीक्षक, मुख्यालय, अखिलेश झा, पुलिस महानिरीक्षक, राँची एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रक्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक, सभी क्षेत्रीय पुलिस उप-महानिरीक्षक, वरीय पुलिस अधीक्षक, राँची, धनबाद, जमशेदपुर एवं सभी पुलिस अधीक्षक, झारखण्ड उपस्थित रहे.
