सीएम हेमंत के साथ कोल्हान के विधायकों की बैठक, हर कीमत पर साथ निभाने का भरोसा

रांची: एक तरफ पूर्व सीएम चंपाई सोरेन करीबन 48 घंटे तक दिल्ली में डेला डालने के बाद खाली हाथ झारखंड लौटने की तैयारी में है. दावा किया जा रहा है कि भाजपा के साथ उनकी बात नहीं बनी. इस बगावत में कोल्हान के विधायकों का साथ नहीं मिलने की स्थिति में भाजपा अपना ऑफर वापस ले चुकी है. वह चंपाई सोरेन की शर्तों के साथ समझौता करने को इच्छुक नहीं है. इधर सीएम हेमंत की नजर भी इस घटनाक्रम पर बनी हुई है. साथ ही संभावित खतरे को टालने के लिए पूरी तैयारी की जा रही है, इसी क्रम में आज सीएम आवास में बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती, घाटशिला विधायक रामदास सोरेन, जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी और पोटका विधायक संजीव सरदार के साथ सीएम हेमंत की करीबन दो घंटों तक मंत्रणा हुई.

एक सुर में सीएम हेमंत पर अपनी आस्था का दावा

बैठक के बाद सभी विधायकों ने एक सुर से झामुमो में बने रहने का भरोसा दिलाया, समीर मोहंती ने कहा कि चंपाई सोरेन का फैसला उनका निजी फैसला है. हम सब पूरी मुस्तैदी के साथ झारखंड मुक्ति मोर्चा के साथ है. जबकि रामदास सोरेन ने दावा किया वह अपने क्षेत्र की समस्या को लेकर आये थें, झामुमो से बाहर जाने का कोई सवाल नहीं उठता है. दरअसल पिछले दिनों यह दावा किया गया कि चंपाई सोरेन के साथ कोल्हान के छह विधायक भी पाला बदल सकते हैं, लेकिन अब सब कुछ नियत्रंण में दिख रहा है, खरसांवा विधायक दशरथ गगरई पहले ही अपनी प्रतिबद्धता झामुमो के साथ प्रकट कर चुके हैं और अब समीर मोहंती, रामदास सोरेन, मंगल कालिंदी और संजीव सरदार ने भी साफ कर दिया है कि उनकी प्रतिबद्धता झामुमो के साथ ही है. एक अन्य विधायक दीपक बिरुआ हेमंत सरकार में मंत्री पद पर आसीन हैं. इस प्रकार फिलहाल पालाबदल की खबरों पर विराम लगता दिख रहा है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More