समीक्षा बैठक के नाम पर भाजपा में सिर-फुटव्वल! विधायक नारायण दास के विरोधी और समर्थकों के बीच हाथापाई

देवघर: दुमका में समीक्षा बैठक के दौरान एक दूसरे पर आरोपों की बौछार के बाद अब देवघर से भी भाजपा कार्यकर्ताओं का एक दूसरे से भिड़ने की खबर आयी है. होटल महादेव पैलेस में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश महामंत्री सह राज्यसभा सांसद आदित्य साहु और पूर्व मंत्री लुईस मरांडी के सामने ही कार्यकर्ताओं के बीच गाली-गलौज और हाथापाई की नौबत आ खड़ी हुई. कार्यकर्ताओं का एक गुट विधायक नारायण दास, विधायक रणधीर सिंह, पूर्व मंत्री राज पलिवार, महागामा के पूर्व विधायक अशोक भगत के विरुद्ध लोकसभा चुनाव के दौरान निशिकांत दुबे के खिलाफ प्रचार करने का आरोप लगा रहा था, जबकि देवाशीष चौधरी, गौतम यादव, मनीष कुमार चुन्नू, सुभाष यादव की ओर से विधायक नारायण दास के समर्थन में नारेबाजी की जा रही थी. इसी क्रम में दोनों ओर गाली गलौज की शुरुआत हो गयी, बात हाथापाई तक आ पहुंची, जिसके बाद कड़ी मशक्कत के बाद कार्यकर्ताओं को बाहर किया गया.

सांसद निशिकांत पर दलित विधायक नारायण दास पर गाली देने का आरोप

आपको बता दें कि देवघर (एसी) आरक्षित सीट से निर्वाचित भाजपा विधायक नारायण दास ने गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे पर मां-बहन की गाली देने का आरोप लगाया है. नारायण दास ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान  मुझे किसी भी कार्यक्रम की औपाचारिक जानकारी नहीं दी जाती थी, बावजूद इसके पार्टी का दायित्व समझ कर पूरे विधान सभा क्षेत्र में निशिकांत दुबे की जीत के लिए मेहनत करता रहा, लेकिन निशिकांत दुबे अब इस जीत का श्रेय पार्टी कार्यकर्ताओं को नहीं देकर अपने खास लोगों की झोली में डालने की कोशिश कर रहे हैं और तो और व्यक्तिगत तौर भी मुझे मां-बहनों की गाली दी जा रही है.  नारायण दास यहीं नहीं रुके, उन्होंने यहां तक कहा कि निशिकांत दुबे की खुन्नस नई नहीं है, 2019 के विधान सभा चुनाव में भी वह मेरे विरोध प्रचार कर रहे थें, कार्यकर्ताओं को बीच यह भ्रम फैला रहे थें कि इस बार पार्टी नारायण दास को उम्मीदवार बनाने नहीं जा रही है, उसके पीछे-पीछे दौड़ने की जरुरत नहीं है. इस बार भी जब विधान सभा का चुनाव सिर पर खड़ा है, निशिकांत दुबे के समर्थक एक बार फिर से अपने लोगों को आगे कर टिकट काटने की मांग कर रहे हैं.

आदिवासी बहुल सीटों से सफाये के बाद जारी है समीक्षा का दौर

आपको बता दें कि लोकसभा चुनाव में आदिवासी आरक्षित सभी सीटों से भाजपा के सफाये के बाद पार्टी के अंदर फिलहाल समीक्षा का दौर जारी है, कार्यकर्ताओं से फीड बैक लिया जा रहा है, हार के कारणों की बिन्दुवार समीक्षा की जा रही है, दूसरी ओर विधान सभा चुनाव की सरगर्मी भी तेज हो चुकी है. पार्टी ने मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को चुनाव प्रभारी और असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्व सरमा को सह प्रभारी बना कर झारखंड में कमल खिलाने की जिम्मवारी सौंपी है. लेकिन इसके पहले की शिवराज सिंह की एंट्री होती, वह कार्यकर्ताओं से जमीनी फीड बैक लेते, नारायण दास के इस आरोप से सूबे की राजनीति में भूचाल आ गया है. एक तरफ 26 फीसदी आबादी आदिवासी बहुल सीटों से भाजपा का सफाया और अब नारायण दास के आरोपों के बाद 12 फीसदी दलित आबादी का साथ छोड़ने का खतरा. भाजपा के सामने मुश्किलें खड़ा कर सकता है. मालूम रहे कि  झारखंड  में कुल नौ सीट अनसुचित जाति के लिए आरक्षित है, जिसमें आज के दिन अधिकांश सीटों पर भाजपा का कब्जा है. यदि आदिवासी दलित एक साथ खड़े हो जाते हैं, तो फिर भाजपा के लिए झारखंड में करने के लिए कुछ खास नहीं रहने वाला.

विवादों से रहा है निशिकांत का पुराना नाता  

दरअसल निशिकांत दुबे पर यह आरोप नया नहीं है. इसके पहले भी वह पार्टी विधायकों से उलझते रहे हैं, लोकसभा चुनाव के पहले भी सारठ विधायक रणधीर सिंह के साथ उनकी तकरार अखबारों की सुर्खियां बनी थी. जो आज भी जारी है, अभी चंद दिन पहले ही एक बार फिर से निशिकांत दुबे और रणधीर सिंह का सोशल मीडिया पर वार सुर्खियों में था, जब रणधीर सिंह ने निशिकांत पर पलटवार करते हुए कहा था कि आप गोड्डा की चिंता करें, सारठ का विकास हमारी प्राथमिकता है, यहां की जनता ने हमें निर्वाचित किया है, हमें अपनी जनता का दुख दर्द दूर करना आता है, आप गोड्डा तक ही अपने आप को सीमित रखें तो बेहतर होगा. 

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More