चाईबासा: फाइलेरिया उन्मूलन को लेकर मंझारी में प्रखंड टास्क फोर्स की बैठक

चाईबासा: फाइलेरिया रोग के खिलाफ मंझारी में एमडीए-आईडीए कार्यक्रम चलाया जाएगा. इस कार्यक्रम के तहत तीन प्रकार की दवाएं मरीजों को उपलब्ध कराई जाएगी ताकि रोग का समूल नाश हो सके. मंझारी प्रखण्ड को फाइलेरिया मुक्त बनाने के लिए 10 से 25 अगस्त तक एमडीए- आईडीए कार्यक्रम की शुरुआत होगी. इसके तहत फाइलेरिया रोगी को फाइलेरिया की रोकथाम एवं उन्मूलन के लिए डीइसी, अल्बेंडाजोल और आईवरमेक्टिन की दवा दी जाएगी. इस कार्यक्रम के तहत मंझारी प्रखण्ड की कुल आबादी 74 हजार 63 लोगों को लक्षित किया गया है. इसकी शत् प्रतिशत सफलता को लेकर मंगलवार को मंझारी प्रखण्ड कार्यालय सभागार में एमडीए-आईडीए की प्रखण्ड विकास पदाधिकारी कामेश्वर बेदिया की अध्यक्षता में प्रखण्ड स्तरीय टास्क फॉर्स की बैठक हुई.
101 बूथ पर 202 दवा प्रशासक एवं 23 सुपरवाइजर प्रतिनियुक्त
निगरानी निरीक्षक शम्भू शंकर गोप ने 10 से 25 अगस्त तक चलने वाली एमडीए-आईडीए कार्यक्रम के बारे में विस्तृत रूप से जानकारी दी. सभी लक्षित समूह आयु वर्ग को फाईलेरिया से बचाव हेतु डीइसी, अल्बेंडाजोल एवं आईवरमेक्टिन दवा की खुराक खिलाने को कहा. उन्होंने बताया कि 10 अगस्त को बुथ (आंगनबाड़ी) पर तथा 11 से 25 अगस्त तक छूटे हुए व्याक्तियों को दवा खिलायी जायेगी. शत प्रतिशत सफलता हेतु सभी स्कूलों तथा गांवों में प्रचार-प्रसार किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए प्रखंड में 101 बूथ बनाए गए हैं. जिसमें 202 दवा प्रशासक एवं 23 सुपरवाइजर प्रतिनियुक्त है. मौके पर प्रखण्ड प्रमुख, प्रखण्ड उपप्रमुख, प्रखण्ड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखण्ड कृषि पदाधिकारी, प्रखण्ड सांख्यिकी पर्यवेक्षक, प्रखण्ड पंचायती राज पदाधिकारी एवं पीसीआई समेत अन्य उपस्थित थे.
