मांडू का कोहराम! संकट में जेपी भाई पटेल! झटका देने की तैयारी में झामुमो

रांची: विधायक से सांसदी की चाहत में लोकसभा चुनाव के पहले कमल छोड़ पंजा की सवारी करने वाले जेपी भाई पटेल की सियासी मुश्किल बढ़ती नजर आ रही है. विधायक से सांसद बनने के सपने पर तो ग्रहण लगा ही, अब विधायकी भी फंसता नजर आ रहा है और इसका कारण है, झामुमो के द्वारा पुराने प्रदर्शन को याद दिलाते हुए मांडू विधान सभा की सीट पर अपनी दावेदारी से पीछे हटने से इंकार करना. जेपी पटेल की मंशा थी, कि यदि वह कांग्रेस में शामिल होते हैं तो हजारीबाग से लोकसभा चुनाव में किस्मत आजमाने का अवसर तो मिलेगा ही, लेकिन यदि हार मिली तो मांडू से टिकट मिलना तो तय है. लेकिन सियासत की लकीरें इतनी सरल नहीं होती, सब कुछ चाहतों के अनुसार नहीं होता. कांग्रेस की चाहत इस बार अपनी सीटों की संख्या बढ़ाने की थी, उसका दावा है कि वर्ष 2019 में कांग्रेस ने 31 सीटों पर चुनाव लड़ा था, इस बार प्रदीप यादव और जेपी भाई पटेल के रुप में दो विधायकों की वृद्धि हुई है. इस हालत में  कम से कम 33 सीटों पर तो दावा बनता ही है.

 मांडू का ख्बाव देखना बंद करे कांग्रेस 

लेकिन इसके विपरीत झामुमो का दावा है कि जिस जयप्रकाश भाई पटेल को अपने साथ कर कांग्रेस 33 सीटों का ख्वाब देख रही है, उस मांडी विधान सभा की सीट पर 1985 से पांच बार जयप्रकाश भाई पटेल के पिता टेकलाल महतो और खुद जयप्रकाश भाई पटेल दो-दो बार विधायक रहे हैं. 1985 से अब तक हुए 9 विधान सभा चुनाव में सात बार झाममो और एक-एक बार जदयू और भाजपा को जीत हुई है, जबकि आज तक कांग्रेस का खाता भी नहीं खुला है, इस हालत में सिर्फ जयप्रकाश भाई पटेल को अपनी पार्टी में शामिल करवाने के मात्र से कांग्रेस का दावा मजबूत नहीं हो जाता और 2019 के मुकाबले में भी जब जयप्रकाश भाई पटेल ने झामुमो का साथ छोड़ कमल चिह्न पर चुनाव लड़ा था, उस वक्त भी जेपी पटेल को 49,855 के साथ जीत तो मिली थी, लेकिन झामुमो उम्मदीवार राम प्रकाश भाई पटेल ने भी 44,768 वोट पाया था, यानि जेपी भाई पटेल और रामप्रकाश भाई पटेल के बीच अंदर महज 5087 का अंतर था.  

लोकसभा चुनाव में अपने ही विधान सभा से पिछड़ गये जेपी भाई पटेल

आपको याद दिला दें कि लोकसभा चुनाव के दौरान भी जेपी भाई पटेल को अपने ही विधान सभा में पिछड़ना पड़ा था. तब मांडू से जेपी भाई पटेल को कुल 86609 वोट मिला था, जबकि मनीष जायसवाल के हिस्से में 118677  मत आया था, साफ है कि जयप्रकाश भाई पटेल अपने ही विधान सभा में अपनी स्थिति मजबूत करने में असफल रहें. इस बीच खबर यह भी है कि लोकसभा चुनाव के बाद जेपी भाई पटेल की कांग्रेस के अंदर गतिविधियां सीमित हो चुकी है और इसका कारण है मांडू को लेकर झामुमो की ओर से किसी आश्वासन से इंकार करना. हालांकि झामुमो के अंदर भी जेपी भाई पटेल के मददगारों की कमी नहीं है, खुद झामुमो  का एक मजबूत कुर्मी चेहरा माने जाने वाले मथुरा महतो  ससुर हैं, इस बार लोकसभा चुनाव में ससुर -दामाद दोनों के हिस्से हार आयी है. जहां मथुरा महतो झामुमो के टिकट पर गिरिडीह से मुकाबले में थें, वहीं दामाद जेपी भाई पटेल हजारीबाग से कांग्रेस के उम्मीदवार. इस हालत में बहुत संभव है कि विधान सभा चुनाव के पहले-पहले बीच का रास्ता निकल जाये और इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता कि जेपी भाई पटेल का एक बार फिर से घर वापसी भी हो जाय. हालांकि यह घर वापसी भाजपा में नहीं होकर झामुमो में होने की संभावना बनती है.

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More