महाराष्ट्र: भंडारा में ट्रक-बोलेरो की भीषण टक्कर, 9 लोगों की मौत, 9 घायल
मुंबई: महाराष्ट्र के भंडारा जिले की लाखनी तहसील में पिंपलगांव के पास नागपुर-रायपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह ट्रक और बोलेरो के बीच हुई भीषण टक्कर में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य घायल हो गए। हाइवे पुलिस के मुताबिक घायलों को भंडारा स्थित सरकारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए नागपुर रेफर किया गया है।
पुलिस के अनुसार छत्तीसगढ़ की कुछ महिलाएं और अन्य मजदूर बोलेरो से नागपुर की ओर जा रहे थे। लाखनी के पास पिंपलगांव इलाके में पेट्रोल पंप और भाऊचा ढाबा के नजदीक हाईवे के किनारे खड़े ट्रक से बोलेरो अचानक टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में छह महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं।
हादसे में घायल नौ लोगों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही गड़ेगांव स्थित हाइवे पुलिस रिलीफ सेंटर के प्रमुख रवींद्र रेवतकर अपने सहयोगियों और भंडारा पुलिस अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय ग्रामीणों की मदद से पुलिस और बचाव दल ने दुर्घटनाग्रस्त बोलेरो में फंसे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतकों और घायलों की पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
