लोकसभा चुनाव 2024: कोडरमा में लाल झंडा का परचम या अन्नपूर्णा की नैया पार

रांची: 2024 के लोकसभा चुनाव में झारखंड की दो सीटों पर सबकी निगाहें टिकी है. ये दोनों ही सीट मोदी कैबिनेट के दो अहम मंत्रियों के हैं, जहां खूंटी में जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा की साख दांव पर है, वहीं कोडरमा में शिक्षा राज्य मंत्री अन्नपूर्णा देवी की प्रतिष्ठा का सवाल है. इस सीट की महत्ता और इसके उलझन को इससे भी समझा जा सकता है कि पीएम मोदी ने अपनी चुनावी सभा में इस बात का विशेष आग्रह किया कि भले ही किसी दूसरी सीट पर भाजपा को झटका लगे, लेकिन कोडरमा की सीट हर हालत में चाहिए, साफ है कि जब पीएम मोदी इस बात का आग्रह कर रहे होंगे, तो उनके पास कोडरमा को लेकर अपना फीडबैक होगा, और वह इस दांव को खेल कर इस बाजी को पलटने की अंतिम कोशिश कर रहे होंगे. 
 

अन्नपूर्णा देवी की सियासी जीवन की शुरुआत

यहां ध्यान रहे कि अन्नपूर्णा देवी का राजनीतिक सफर की शुरुआत राजद से हुई थी, वह झारखंड राजद के प्रदेश अध्यक्ष थी, इसके साथ ही वर्ष 2000, 2005 और 2009 में राजद के टिकट पर विधान सभा भी पहुंची थी, इसके पहले कोडरमा विधान सभा से उनके पति रमेश यादव वर्ष 1990 और 1995 में लालटेन छाप पर विधायक थें. लेकिन वर्ष 2014 में जैसे ही राष्ट्रीय राजनीति में मोदी की इंट्री हुई, और इसके पहले अन्ना मूवमेंट के दौरान आरोपों की बौछार से पूरे देश की तरह झारखंड में भी कांग्रेस सहित यूपीए के प्रति लोगों को नजरिया बदला, अन्नपूर्णा देवी को भी बदलाव की दस्तक महसूस होने लगी, इसी बीच विधान सभा चुनाव में भाजपा के नीरा यादव के हाथों विधान सभा चुनाव में करीबन 13 हजार मतों से हार का सामना करना पड़ा. यही वह टर्निग प्वाइंट था, जहां से अन्नपूर्णा देवी को राजद के साथ अपनी सियासी कश्ती डूबती नजर आयी और आखिरकार अन्नपूर्णा देवी ने यू टर्न लेते हुए दो दशकों के सामाजिक न्याय के साथ अपने सफर को विराम देते हुए कमल की सवारी करने का फैसला किया.

बाबूलाल जैसे कद्दावर सियासी चेहरो को शिकस्त 

भाजपा ने भी अन्नपूर्णा देवी को कोडरमा संसदीय सीट से मैदान में उतार यादव जाति के मतदाताओं को साधने का बड़ा दांव खेला. 2019 के सियासी हालात में यादव जाति के बहुसंख्यक मतदाताओं को दिल्ली और पटना की सत्ता से लालू परिवार से दूर नजर आ रहा था, वहीं अन्नपूर्णा के चेहरे में उसे दिल्ली की सियासत में अपनी भागीदारी मिलती नजर आ रही थी, और इसी एकजुटता के कारण अन्नपूर्णा देवी ने तब बाबूलाल जैसे कद्दावर सियासी चेहरे को 455,600 के विशाल अंतर से पराजित करने में सफलता प्राप्त की. एक तो मोदी लहर की सवारी और दूसरे यादव जाति का एकमुश्त वोट अन्नपूर्णा देवी के लिए वरदान बन गया. लेकिन इस बार सियासी हवा कुछ- कुछ बदली नजर आयी. अब यादव जाति के मतदाताओं के बीच एक बार फिर से तेजस्वी का प्रभाव जमने लगा है, उनके अंदर यह विश्वास दृढ़ होने लगा है कि इस विधान सभा चुनाव में बिहार की सत्ता एक बार फिर से राजद के हाथ में होगी. और यहीं से खेल बिगड़ने लगा.

तेजस्वी की इंट्री से बदला खेल

जैसे ही कोडरमा में तेजस्वी की इंट्री हुई, यादव जाति का एक हिस्सा एक बार फिर से राजद के साथ खड़ा होता नजर आया. इधर जयप्रकाश वर्मा की इंट्री से भी कोयरी-कुशवाहा मतदाताओं में इस बात का विश्वास जागा कि रीतलाल वर्मा और तिलकधारी सिंह का दौर अब दूर नहीं है. जब इसी कोडरमा से रीतलाल वर्मा चार- बार और तिलकधारी सिंह दो बार सांसद बने थें, हालांकि जयप्रकाश वर्मा मुकाबले को पूरी तरह से त्रिकोणीय बनाने में असफल रहे, लेकिन एक बड़ी संख्या में कोयरी-कुशवाहा मतदाताओं में सेंधमारी में जरुर सफल हुए.

अन्नपूर्णा का संकट 

इस प्रकार, देखें तो इस बार अन्नपूर्णा देवी के सामने यादव मतदाताओं के साथ ही कोयर-कुशवाहा में भी सेंधमारी का  सकंट है. लेकिन उससे भी बड़ी मुसीबत अगड़ी जातियों में सेंधमारी की है, भाजपा के टिकट वितरण से नाराज राजपूत जाति के मतदाता भी इस बार विनोद सिंह के साथ खड़े दिखे, ठीक यही भूमिहार-बाभन मतदाताओं की भी रही. यानि जहां अन्नपूर्णा देवी के हाथ से यादव-कोयरी कुशवाहा मतदाता छिटकते दिखें, वहीं विनोद सिंह के साथ अगड़ी जातियों का एक बड़ा हिस्सा भी जुड़ता दिखा. इस हालत में इस बार का चुनावी परिणाम क्या होगा, इसका फैसला बेहद मुश्किल है, लेकिन इतना तय है कि इस बार  2019 का परिणाम दुहराना मुश्किल है. और यदि अगड़ी जातियों के साथ यादव-कुशवाहा मतों का ठीक-ठाक हिस्सा विनोद सिंह के जुड़ा होगा तो बाजी पलट भी सकती है, क्योंकि आदिवासी मुस्लिम मतदाता एकमुश्त विनोद सिंह के साथ खड़े दिखे हैं. विनोद सिंह की दूसरी ताकत उनकी जन सुलभता है. एक विधायक के रुप में भी वह हर सूख-दूख में पूरे लोकसभा क्षेत्र में जनता के साथ खड़े रहे हैं. साथ ही लोगों के मन से अभी उनके पिता महेन्द्र सिंह की स्मृति भी धूमिल नहीं हुई है. फिलहाल अंतिम फैसला चार जून को होना है. आप सबों की तरह हमें भी इसका इंतजार होगा. लोकतंत्र की यही खूबसूरती है, यहां सब कुछ मतदाताओं के हाथ होता है, और जब उसका चाबूक चलता है, तब सारे समीकरण फेल होते नजर आते हैं.     

लेखक के बारे में

By Devendra Kumar

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More