हिमंता विस्वा सरमा के साथ लोबिन की मुलाकात, बोरियो में कमल खिलाने का मास्टर प्लान!

रांची: सियासत में मुलाकातों का भी अपना एक संदेश होता है, इन्ही मुलाकातों से भावी सियासत की धार तय होती है, कुछ ऐसी ही सियासी धार संताल की सियासत में बहती नजर आने लगी है. अब तक जल जंगल और जमीन की नारा उछालने वाले, झारखंडी अस्मिता और आदिवासी-मूलवासी सियासत का अपने आप को सबसे बड़ा पैरोकार बताने वाले लोबिन हेम्ब्रम ने आज भाजपा चुनाव सह प्रभारी हिमंता विस्व सरमा के साथ मुलाकात कर सियासी गलियारों में कयासों का बाजार गर्म कर दिया. जैसे ही हिमंता विस्वा सरमा के साथ लोबिन की मुलाकात की खबर सामने आयी, यह दावा तेज हो गया कि सीता सोरेन की राह चलते हुए लोबिन हेम्ब्रम भी कमल की सवारी करने को बेकरार हैं. संताल की सियासत में झामुमो का एक और विकेट धरासायी होने वाला है. हालांकि लोबिन हेम्ब्रम को पहले ही पार्टी दल-बदल का आरोप लगा कर निष्कासित कर चुकी है, विधान सभा का न्यायाधीकरण ने इस मामले में लोबिन की सदस्यता भी रद्द कर दी है. बावजूद इसके हिमंता के साथ लोबिन की इस मुलाकात को झामुमो के लिए झटका मानने वाला की कमी नहीं है.
भाजपा की सवारी से लोबिन का इंकार

हालांकि लोबिन हेम्ब्रम का दावा है कि जब पाकुड़ में आदिवासी छात्रों के साथ पुलिस की बर्बरता की हुई थी, उस वक्त उन्होंने पाकुड़ का दौरा किया था, इसी दौरे के दौरान हिमंता विस्व सरमा के साथ मुलाकात हुई थी, उसी मुलाकात में हिमंता विस्वा सरमा ने रांची में भेंट करने का आग्रह किया था और आज मुलाकात करने चला गया, लेकिन इस मुलाकात को भाजपा के चुनाव चिह्न पर चुनाव लड़ने का संकेत मानना ठीक नहीं है.
झामुमो के अंदर बोरियो से मजबूत चेहरे की खोज जारी

बिन का दावा चाहे जो हो, लेकिन विधान सभा चुनाव के पहले इस मुलाकात का मजबूत सियासी संदेश जरुर है. खास कर उस हालत में जब राजमहल सीट पर पार्टी उम्मीदवार विजय हांसदा के खिलाफ ताल ठोकने के जुर्म में पार्टी लोबिन को बाहर का रास्ता दिखला चुकी है, और बोरियो जहां से लोबिन विधान सभा पहुंचते रहे हैं, झामुमो के अंदर मजबूत चेहरे की खोज भी जारी है, भाजपा से घर वापसी कर चुके हेमलाल मुर्मू बोरियो से चुनाव लड़ने की अपनी इच्छा से पार्टी को अवगत करा चुके हैं. इस मुलाकात के गंभीर सियासी निहितार्थ है. यदि आने वाले दिनों में लोबिन हेम्ब्रम बोरियो में कमल का झंडा उठाये नजर आये तो यह आश्चर्य की बात भी नहीं होगी.
लोबिन के पालाबदल से बोरियो में खिल पायेगा कमल?
आपको बता दें कि बोरियो में ताला मरांडी और लोबिन हेम्ब्रम के बीच सियासी संघर्ष का इतिहास काफी पुराना है, हालांकि वर्ष 2000 में ताला मरांडी ने पहली बार कांग्रेस के चुनाव चिह्न पर लोबिन को चुनौती पेश की थी, लेकिन इस मुकाबले में ताला मरांडी को सियासी शिकस्त का सामना करना पड़ा था. लोबिन ने 36,170 के साथ जीत दर्ज की थी तो ताला मरांडी को 29,491 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. लेकिन वर्ष 2005 में ताला मरांडी ने इस हार का बदला लेते हुए लोबिन हेम्ब्रम को पटकनी देने में कामयाबी हासिल कर ली, हालांकि ताला मरांडी को यह जीत कांग्रेस के झंडे पर नहीं, बल्कि भाजपा के कमल चुनाव चिह्न पर मिली थी.
इस मुकाबले में ताला मरांडी ने 44,546 के साथ जीत की वरमाला मिली थी, वहीं लोबिन को 38,227 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा था. लेकिन वर्ष 2009 में बाजी एक बार फिर से पटल गयी, लोबिन ने 37,586 के साथ एक बार फिर से यह सीट अपने नाम कर लिया, वहीं ताला मरांडी को 28,546 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. इसके बाद आता है 2014 का मुकाबला, ताला मरांडी ने एक बार फिर से उलटफेर किया, 57,565 वोट के साथ यह सीट अपने नाम कर गयें, वहीं लोबिन हेम्ब्रम 56,853 के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा. वर्ष 2019 में एक बार फिर से बाजी लोबिन के नाम रही. 77,365 के साथ लोबिन यह सीट अपने नाम करने में कामयाब रहें, हालांकि इस बार लोबिन के मुकाबले ताला मरांडी नहीं होकर सूर्य नारायण हंसदा थें, ताला मरांडी के द्वारा आजसू का दामन थामने के बाद भाजपा ने सूर्य नारायण हंसदा पर दांव लगाया था, जबकि ताला मरांडी इस बार आजसू के बैनर पर ताल ठोक रहे थें. इस मुकाबले में जहां लोबिन हेम्ब्रम को 77,365 के साथ जीत की वरमाला मिली, वहीं भाजपा की ओर ताल ठोकने वाले सूर्य नारायण हंसदा को 59,441मतों के साथ दूसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा, और भाजपा छोड़ आजसू का दामन थामने वाले ताला मरांडी को 8,955 के साथ तीसरे स्थान पर संतोष करना पड़ा.
राजमहल का ताला तोड़ने में विफल ताला मरांडी की सियासत पर लोबिन का ताला

इस बार एक बार फिर से ताला मरांडी भाजपा के साथ है, पार्टी ने उन्हे राजमहल सीट से लोकसभा सभा चुनाव में मैदान में भी उतारा था. लेकिन ताला मरांडी झामुमो का ताला तोड़ पाने में विफल रहें, और राजमहल से करारी शिकस्त के बाद संभावना जतायी जा रही थी कि भाजपा एक बार फिर से ताला मरांडी को बोरियो से लोबिन हेम्ब्रम के खिलाफ मोर्चे पर उतारा जा सकती है, लेकिन अब यदि लोबिन खुद ही भाजपा की सवारी करने का जुगाड़ कर रहे हैं,तो उस हालत में ताला मरांडी की सियासत पर ताला लग सकता है. कुल मिलाकर मुकाबला इस बार बोरियो में रोचक मुकाबला देखने को मिल सकता है. एक तरफ भाजपा में सियासी वनवास काट कर घर वापसी कर चुके हेमलाल मुर्मू झामुमो की ओर से अखाड़े में ताल ठोकते नजर आयेंगे, वहीं अब तक अपने आप को झारखंडी अस्मिता और आदिवासी-मूलवासी सियासत का चेहरा बताने वाले दिशोम गुरु का चेला लोबिन अपने हाथ में कमल थामे नजर आयेंगे. लेकिन फिर सवाल वहीं है इस रंग बदलती सियासत में ताला मरांडी की राजनीति का क्या होगा? वैसे ताला मरांडी भी राजनीति में रंग बदलने के उस्ताद है. देखना होगा कि लोबिन की इस मुलाकात के बाद क्या ताला मरांडी भी मुलाकातों का एक सिलसिला की शुरुआत करते हैं, या फिरअंतिम वक्त तक इंतजार का रास्ता अपनाते हैं.
