आदिवासी महोत्सव में शामिल हुए राज्यपाल, बोले- पेसा कानून लागू करे सरकार
रांची: विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर मोरहाबादी स्थित बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में आयोजित आदिवासी महोत्सव में राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल हुए. राज्यपाल संतोष गंगवार बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में पहुंचे. महोत्सव में झारखंड के विभिन्न कोनों से आए लोगों ने अपनी कला, संस्कृति और सभ्यता का प्रदर्शन किया.
राज्यपाल ने विश्व आदिवासी दिवस की दी शुभकामनाएं
इस अवसर पर राज्यपाल संतोष गंगवार ने कार्यक्रम में आये लोगो को संबोधित भी किया. राज्यपाल ने भाषण की शुरुआत जोहार के साथ की और कहा, राउरे मन के जोहार. सबसे पहले मैं आप सभी को विश्व आदिवासी दिवस की शुभकामनाएं देता हूं. ये दिन हम सब के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है क्योंकि हमारे आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपराएं और उनके अतिथि योगदान का उत्सव मनाने का अवसर प्रदान करता है.
पेसा कानून झारखंड में जल्द लागू करे सरकार
.jpg)
राज्यपाल संतोष गंगवार शुक्रवार को विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से राज्य में पेसा कानून जल्द से जल्द लागू करने का आग्रह किया. राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने भाषण में कहा है कि जानजातीय समुदाय की पारंपरिक शासन व्यवस्था की मजबूती के लिए राज्य में पेसा कानून लागू किया जाना आवश्यक है. वर्तमान में देश में झारखंड एक मात्र ऐसा राज्य है जहां पेसा कानून लागू नहीं है. उन्होंने कहा, मैं मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से आग्रह करता हूं कि वह जल्द ही इसे राज्य में लागू कराएं.
शिक्षा के प्रति और जागरूक बनें
राज्यपाल ने यह भी कहा कि मुझे यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि आदिवासी समुदाय में दहेज प्रथा जैसी चीजें नहीं है. लेकिन विडंबना यह है कि जनजातीय समाज में डायन प्रथा जैसी कुरीतियां अब भी हैं. जन जागरण लाकर इसे दूर करने की आवश्यकता है. इस अवसर पर मैं सभी से आग्रह करता हूं कि शिक्षा के प्रति और जागरूक बनें. शिक्षा किसी भी समाज के सामाजिक तथा आर्थिक प्रगति में महती भूमिका निभाती है.
झारखंड वीरों की भूमि है
कार्यक्रम में राज्यपाल ने कहा, झारखंड वीरों की भूमि है. यहां सिद्दो-कान्हों, चांद भैरव, फूलो झानो ने अपनी प्राणो की आहूति दे दी. उन सबों के प्रति अपना श्रद्धासुमन अर्पित करता हूं. हमारे जनजातीय समुदाय का इतिहास गौरवशाली है. भारतीय स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका आद्वितीय है. और उनकी वीरता और पराक्रम की गाथाएं भावी पीढि़यों के लिए प्रेरणा स्रोत है. और वास्तव में ये समाज ही हमारी देश की पहचान है और देश को आगे ले जाने की दिशा में काम करता है.
