Koderma News: वृंदाहा वाटर फॉल में डूबे छात्र सागर की तलाश में तीसरे दिन भी एनडीआरएफ मुस्तैद

कोडरमा: तिलैया थाना क्षेत्र के वृंदाहा वाटर फॉल में लापता 14 वर्षीय छात्र सागर की तलाश तीसरे दिन भी जारी रही। छात्र के पिता ने कोचिंग संचालक पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए सवाल उठाया है कि बारिश के दौरान बच्चों को खतरनाक जलप्रपात क्षेत्र में आखिर क्यों ले जाया गया। पिता ने मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय करने की मांग की है।
इधर, छात्र की तलाश में एनडीआरएफ की नौवीं बटालियन की 30 सदस्यीय टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है। एनडीआरएफ इंस्पेक्टर मुकेश कुमार के अनुसार, रिक्विजिशन मिलने के बाद टीम बुधवार शाम घटनास्थल पर पहुंची थी। गुरुवार सुबह से गोताखोरों सहित जवानों को अलग-अलग दलों में बांटकर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
वृंदाहा वाटर फॉल में पानी का तेज बहाव और अत्यधिक दबाव रेस्क्यू टीम के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ है। इसके बावजूद जवान लगातार संभावित स्थानों पर उतरकर छात्र की तलाश कर रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्र में बनी गुफानुमा जगहों और गहरी कैविटी को भी खंगाला जा रहा है, क्योंकि वहां छात्र के फंसे होने की आशंका जताई जा रही है।
एनडीआरएफ टीम अब तक कई संभावित स्थानों की तलाशी ले चुकी है, लेकिन सागर का कोई सुराग नहीं मिला है। अधिकारियों के निर्देश तक अभियान जारी रखने की बात कही गई है। पिता राजेश दास का आरोप है कि यदि समय रहते सावधानी बरती जाती तो यह हादसा टाला जा सकता था। अब उनकी नजर बेटे की तलाश के साथ-साथ इस सवाल पर भी है कि बच्चों को ऐसे जोखिम वाले स्थान पर ले जाने की अनुमति किस आधार पर दी गई।
