Koderma News: ग्रिजली कॉलेज ऑफ एजुकेशन में एनएसएस के सात दिवसीय विशेष शिविर का चौथा दिन संपन्न

कोडरमा: ग्रिजली कॉलेज ऑफ़ एजूकेशन (स्वायत्त) झुमरी तिलैया में राष्ट्रीय सेवा योजना के इकाई-1 के तत्त्वाधान में सात दिवसीय विशेष शिविर के चौथे दिन के प्रथम सत्र का शुभारंभ महाविद्यालय के डी॰एल॰एड॰ विभागाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह,राष्ट्रीय सेवा योजना के जिला नोडल सह कार्यक्रम पदाधिकारी सौरभ शर्मा, महाविद्यालय के सहायक प्राध्यापिका विनीता कुमारी सहित सभी स्वयंसेवकों के द्वारा स्वामी विवेकानंद जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया।
तत्पश्चात् राष्ट्रीय सेवा योजना के लक्ष्य गीत का सामूहिक गायन किया गया एवं स्वयंसेविका पूजा कुमारी के द्वारा सभी स्वयंसेवकों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके उपरांत स्वामी विवेकानंद समूह की स्वयंसेविका अंजली कुमारी ने स्वामी विवेकानंद जी के सामाजिक योगदानों पर प्रकाश डाला। इसके बाद सभी स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय में स्वच्छता अभियान द्वारा श्रमदान दिया। शिविर में स्वामी विवेकानंद समूह के स्वयंसेवकों के द्वारा बनाए गए भोजन का सामूहिक रूप से आनंद लिया गया।
शिविर के द्वितीय सत्र में स्वयंसेवक पवन कुमार ने इंदरवाटांड गांव के ग्रामीणों एवं सभी स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा संबंधी जानकारी देकर जागरूक किया और सभी स्वयंसेवकों को सड़क सुरक्षा शपथ दिलाई। शिविर का समापन स्वयंसेवकों ने सामूहिक चाय एवं अल्पाहार के साथ किया। शिविर में महाविद्यालय की सहायक प्राध्यापिका विनीता कुमारी, शिक्षणेत्तर कर्मचारी सुचित कुमार और स्वयंसेवक उपस्थित थे।
