कानपुर मामले में पत्रकारों को बेवजह उत्पीड़ित न करें, कानून करे अपना काम: रासबिहारी

चाईबासा: कानपुर में एक पत्रकार और एक यूट्यूबर के न्यायिक हिरासत पर एनयूजेआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष रासबिहारी ने बयान देते हुए कहा कानून को अपना काम करना चाहिए, साथ ही देश में किसी भी पत्रकार के साथ उत्पीड़न भी न हो। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और कल्याण हमारे लिए सर्वोपरि है। अगर कोई पत्रकार या मीडियाकर्मी किसी भी अपराधिक कार्यों में संलिप्त रहता है तो कानूनी प्रक्रिया के तहत उन पर कदम भी उठाए जाने का स्वागत किया जाना चाहिए। रास बिहारी ने कहा कि आजकल कई लोग ऐसे हैं जो पत्रकारिता के पेशे में नहीं हैं पर उनका नाम बदनाम कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चिन्हित कर प्रशासन उनके खिलाफ उचित कार्रवाही करे।

विदित हो सोमवार को एक पत्रकार और एक यूट्यूबर को संपत्ति हड़पने के प्रयास में दंगा करने और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। पुलिस की जानकारी के अनुसार टीवी पत्रकार नीरज अवस्थी कानपुर प्रेस क्लब के पूर्व उपाध्यक्ष भी हैं, और मुंतज़िर अंसारी को स्थानीय अदालत में पेश किया गया, जिसने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। राबिया बेगम की शिकायत पर दर्ज की गई एफआईआर में “40-50 अज्ञात पत्रकारों“ का भी उल्लेख किया गया है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) रवींद्र कुमार के अनुसार उक्त महिला ने नीरज, अंसारी, प्रदीप श्रीवास्तव और अज्ञात पत्रकारों पर साकेत नगर में स्थित उसकी 530 वर्ग गज जमीन हड़पने का आरोप लगाया है, जिसकी बाजार कीमत कई करोड़ रुपये है। पुलिस उपायुक्त के अनुसार नीरज वरिष्ठ कांग्रेस नेता विकास अवस्थी के छोटे भाई हैं। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ अन्य आरोपों में हथियार लेकर दंगा करना और संपत्ति हड़पने के लिए स्वेच्छा से गंभीर चोट पहुंचाना शामिल है।

एक अन्य घटना में, ट्रक मालिक गौरव सिंह ने बर्रा थाने में प्रेस क्लब के पदाधिकारी दिवस पांडे, यूट्यूबर सत्यम गोस्वामी, अभिषेक शर्मा उर्फ युवा और योगेश दीक्षित के खिलाफ जबरन वसूली, गलत तरीके से रोकने, आपराधिक धमकी और गंभीर चोट पहुंचाने के आरोप में एफआईआर दर्ज कराई है। सिंह ने आरोप लगाया कि वह मवेशियों को ले जाने का काम करता था, जिसके कारण ये आरोपी उसे परेशान करते थे और धमकाते थे। डीसीपी ने कहा कि पुलिस एफआईआर में नामजद लोगों को गिरफ्तार करने की कोशिश कर रही है।

लेखक के बारे में

By Santosh Verma

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More