साहिबगंज में पहली बार होगी राज्य स्तरीय जूनियर कबड्डी प्रतियोगिता

12 से 14 सितंबर को सकरीगली रेलवे ग्राउंड में जुटेंगे खिलाड़ी
साहिबगंज। जिले के खेल इतिहास में पहली बार 20वीं झारखंड राज्य जूनियर (बालक एवं बालिका) कबड्डी प्रतियोगिता-2026 का आयोजन होने जा रहा है। यह प्रतियोगिता 12, 13 एवं 14 सितंबर 2026 को रेलवे ग्राउंड, सकरीगली, साहिबगंज में आयोजित की जाएगी।
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता में झारखंड के विभिन्न जिलों से बालक एवं बालिका वर्ग की टीमें भाग लेंगी। प्रतियोगिता में निर्धारित आयु वर्ग के खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगे, जिनकी जन्म तिथि 04 नवंबर 2006 के बाद की होनी चाहिए। इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य साहिबगंज एवं पूरे झारखंड के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए एक बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
“खेल भावना, अनुशासन और एकता-यही हमारी पहचान” के संदेश के साथ प्रतियोगिता को सफल बनाने की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। आयोजन समिति ने जिले के सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, खेल पदाधिकारियों, खेलप्रेमियों और दर्शकों से बड़ी संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।
