भाजपा के लिए वरदान या गले की हड्डी बनी सीता सोरेन! नामंकन के पहले ही देवर बसंत ने घर वापसी का दावा कर बढ़ाया दुमका का सियासी पारा

 

रांची : सियासत विद्रूपताओं का अनंत खेल है. यहां सिर्फ वही नहीं होता, जो सामने से दिखलाने की कोशिश की जाती है. कई बार अंदरखाने का खेल इतना घातक होता है कि कई बार ट्विटर और सोशल मीडिया पर किये गये सारे दावे एक बारगी संता-बंता का जोक नजर आने लगता है. जिस ‘मोदी परिवार’ के टैग को पीएम मोदी के प्रति समर्पण का साक्ष्य माना जाता है. टिकट कटते ही उस टैग को गायब होने में जरा भी देर नहीं लगती. सियासी प्रतिबद्धता और पार्टीगत वफादारी वहीं तक सीमित है, जब तक सियासत का रास्ता चमकता नजर आता है, नहीं तो सियासी पार्टियों के समान ही राजनीतिक कार्यकर्ताओं के सामने भी चांद-तारों से चमकता खूला आसमान होता है, और यह सिर्फ एक पार्टी की स्थिति नहीं है, हर पार्टी का यही हाल है, विश्वास नहीं हो तो, गांधी-नेहरु के सपने को साकार करने का दावा करने वाले कांग्रेसी रणबांकुरों का भाजपा का दामन थामते वक्त का संबोधन सुनिये, राहुल गांधी का छीछालेदर करने में वह पुराने भाजपाईयों से भी दो हाथ आगे नजर आयेंगे, मानो पार्टी का पट्टा पहनाते ही एक स्क्रिप्ट भी थमा दी गयी हो और उसकी जिम्मेवारी सिर्फ स्क्रिप्ट को ‘तोता रंटत’ पढ़ने भर की हो.

पालाबदल के साथ ही सीता को मुस्लिम मतदाताओं में दिखा बंग्लादेशी चेहरा

इसका एक उदाहरण दिशोम गुरु की बड़ी बहू सीता सोरेन की पलटी भी है, देवर हेमंत कालकोठरी के लिए रवाना क्या हुए कि भाभी सीता ने पूरी सियासी पटकथा ही लिख दी. दिशोम गुरु से लेकर देवर हेमंत पर ना जाने कितने तीर छोड़े गयें, जिस लूट और भ्रष्टाचार का आरोप कल तक भाजपा लगा रही थी, उन सभी आरोपों को और भी धारदार तरीके से सीता सोरेन मुहर लगाती दिखी, संथाल की सियासत में जिस मुस्लिम आबादी के सहारे झामुमो और खुद सीता सोरेन की सियासी गाड़ी बढ़ती रही थी. पालबदल के साथ ही सीता सोरेन को उसी मुस्लिम मतदाताओं में बंग्लादेशी चेहरा नजर आने लगा. पूरे संथाल में खनन और जमीन की लूट नजर आने लगी. और इसका जिम्मेवार सिर्फ और सिर्फ देवर हेमंत था.

भाजपा के सपने पर ग्रहण की शुरुआत

इधर भाजपा भी मस्त थी कि जो काम भाजपाई नहीं कर पायें, दिशोम गुरु की धरती पर खड़ा होकर झाममो की उससे भी बड़ी फजीहत खुद सोरेन परिवार की बड़ी बहू सीता सोरेन ने कर दी. अब तो देश-दुनिया में यह संदेश जायेगा कि देखो, संताल की इस धरती पर सोरेन परिवार ने लूट का कितना बड़ा पहाड़ खड़ा  किया है. लेकिन लगता है कि अब भाजपा के इस सपने पर ग्रहण लगने की शुरुआत हो चुकी है और पटकथा दुमका की उसी धरती पर लिखती दिखलायी पड़ रही है, जिस दुमका से भाजपा ने सीता सोरेन को नये संसद भवन में भेजने का सपना पाला है.

अभी भी नामांकन हुआ है, नामांकन वापसी तक इंतजार कीजिए

दरअसल सीता सोरेन का नामांकन शुक्रवार को होना था, लेकिन सीता सोरेन कल ही दुमका पहुंच चुकी थी, भाजपा के रणनीतिकार इधर नामांकन की तैयारियों में जुटे थें, उधर दिशोम गुरु के दुमका आवास में सीता सोरेन देवर बसंत से मुलाकात कर रही थी. देवर भाभी  के बीच की यह मुलाकात घंटों तक चली. जैसे ही यह खबर बाहर आयी कि भाजपा के अंदर बेचैनी बढ़ने लगी, उधर सीता सोरेन इस मुलाकात को पारिवारिक मुलाकात बतला कर टालने की कोशिश करती रही. लेकिन चेहरे का आव-भाव बदला नजर आया, आज नामांकन के बाद भी सीता के चेहरे पर वह ओज नहीं दिखा, इस बीच देवर बसंत ने यह दावा कर सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है कि यह सियासत है, किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता, अभी तो नामांकन ही हुआ है, खेल अभी बाकी है. कल क्या होगा? उसका इंतजार कीजिये. लेकिन इसके साथ यह दावा भी कर दिया कि भाभी सीता का ‘मोदी परिवार’ से मन भर गया है. अब वह परिवार में लौटना चाहती है. हालांकि सीता सोरेन अभी भी इससे इंकार कर रही है, लेकिन फिर से वही बात सियासत विद्रूपताओं का अनंत खेल, यहां किसी भी संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता. 

 

लेखक के बारे में

By Anu Singh

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More