Sahebganj News: गंगा की भीषण बाढ़ पर सियासी हलचल तेज, सीता सोरेन ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

साहिबगंज बाढ़ राहत हेतु प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को विशेष पैकेज के लिए पत्र लिखतीं पूर्व विधायक सीता सोरेन।

साहिबगंज: गंगा के उफान से साहिबगंज में आई भीषण बाढ़ को लेकर अब सियासी हलचल तेज हो गई है। पूर्व विधायक जामा (दुमका) और महिला-बाल विकास समिति की सभापति सीता मुर्मू सोरेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर साहिबगंज के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से तत्काल विशेष राहत पैकेज जारी करने की मांग की है।

12 सितंबर को लिखे गए अपने पत्र, पत्रांक- 304/SS/2026 में सीता सोरेन ने प्रधानमंत्री को संबोधित करते हुए कहा है कि साहिबगंज जिला इस समय गंगा के बढ़ते जलस्तर और लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण भयंकर बाढ़ की चपेट में है। सीता सोरेन ने लिखा है कि बाढ़ की वजह से जिले के दर्जनों गांव पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। हजारों परिवार बेघर हो गए हैं और उनके सामने रहने तथा भोजन का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। किसानों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं और बड़े पैमाने पर पशुधन का भी नुकसान हुआ है।

उन्होंने आगे लिखा कि स्थानीय प्रशासन अपने स्तर पर राहत कार्य कर रहा है, लेकिन आपदा की भयावहता को देखते हुए संसाधन नाकाफी साबित हो रहे हैं। सीता सोरेन ने प्रधानमंत्री से विनम्र अनुरोध किया है कि बाढ़ पीड़ितों की विकट परिस्थिति को देखते हुए तत्काल विशेष राहत पैकेज और वित्तीय सहायता जारी की जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को भोजन, शुद्ध पेयजल, दवाइयां और तिरपाल जैसी जरूरी चीजें तुरंत उपलब्ध कराई जा सकें।

उन्होंने पत्र के अंत में लिखा कि मुझे पूरा विश्वास है कि आपकी संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय से साहिबगंज की जनता को इस आपदा से उबरने में बड़ी मदद मिलेगी। इस सहृदयता के लिए साहिबगंज की जनता सदैव आपकी आभारी रहेगी।गौरतलब है कि साहिबगंज, राजमहल और उधवा प्रखंड के सैकड़ों गांवों के 60 हजार से अधिक लोग बाढ़ प्रभावित हैं। दियारा और शहरी क्षेत्रों के निचले हिस्से में बाढ़ का पानी घुसा हुआ है, हजारों लोग अभी भी विस्थापित हैं, जिन्हें दो वक्त की सूखी रोटी भी नसीब नहीं हो रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More