Sahibganj News: युवाओं को दिल्ली दरबार तक पहुंचने का मौका, माय भारत क्विज में करें रजिस्ट्रेशन

साहिबगंज: अगर आपकी उम्र 15 से 29 साल के बीच है और आपमें देश के लिए कुछ बड़ा करने का जज्बा है, तो आपके लिए शानदार मौका है। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत मेरा युवा भारत (माय भारत) ने विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आगाज कर दिया है। इसको लेकर जिला युवा अधिकारी सौरभ जैन ने जिले के सभी युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
उन्होंने बताया कि यह सिर्फ एक क्विज नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भागीदारी का बड़ा मंच है। 15 से 29 आयु वर्ग के कोई भी युवा इस ऑनलाइन क्विज में भाग लेने के पात्र हैं। युवा अपनी सुविधानुसार किसी भी भाषा में व्यक्तिगत रूप से माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कर इसमें शामिल हो सकते हैं। ऑनलाइन क्विज 17 अगस्त से 30 सितंबर तक चलेगा।
इसका मुख्य उद्देश्य युवाओं के विचार, प्रतिभा और नेतृत्व क्षमता को पहचानकर उन्हें राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ना है।
जिला युवा अधिकारी ने बताया कि पूरी चयन प्रक्रिया चार चरणों में होगी। चयनित प्रतिभागियों को अगले चरण में 500 शब्दों के विकसित भारत निबंध चैलेंज में शामिल होने का मौका मिलेगा। निबंध में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिला स्तर पर चयनित 50 प्रतिभागियों में से टॉप-2 को राज्य स्तर के लिए भेजा जाएगा। राज्य स्तर पर चयनित युवा राष्ट्रीय स्तर पर जाएंगे।
राष्ट्रीय स्तर पर विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग-2027 का आयोजन 10 से 12 जनवरी 2027 तक नई दिल्ली में प्रस्तावित है।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक पहलू यह है कि राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा नई दिल्ली में विशेषज्ञों, केंद्रीय सचिवों और केंद्रीय मंत्रियों के समक्ष अपने विचार रख सकेंगे। इतना ही नहीं, कुछ चुनिंदा प्रतिभागियों को सीधे प्रधानमंत्री के समक्ष भी अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिल सकता है।
