Sahebganj News: जलझूलनी एकादशी पर साहिबगंज में निकली भगवान श्रीश्याम की भव्य निशान शोभायात्रा

साहिबगंज: जलझूलनी एकादशी के पावन मौके पर मंगलवार सुबह साहिबगंज शहर भक्तिमय हो उठा। शहर के डाकीनाथ मंदिर ठाकुरबाड़ी से भगवान श्रीश्याम की भव्य निशान शोभायात्रा निकाली गई, जिसका नेतृत्व पुरोहित सोनू पांडे ने किया। हाथों में केसरिया निशान लिए सैकड़ों महिला-पुरुष श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों और भक्ति भजनों के बीच श्रद्धालु शहर के प्रमुख चौक-चौराहों से गुजरते हुए “जय श्रीश्याम” के जयकारे लगाते रहे। जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा।
यह शोभायात्रा नगर भ्रमण करते हुए पुरुषोत्तम गली स्थित श्रीश्याम मंदिर पहुंची, जहां विधिवत पूजा-अर्चना के बाद यात्रा का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम से परिवार की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। यात्रा के दौरान भक्तों में खासा उत्साह देखा गया। मौके पर बड़ी संख्या में श्याम प्रेमी मौजूद रहे।
