Sahebganj News: राजमहल उपकारा में विचाराधीन कैदी की संदिग्ध मौत, जेल प्रशासन पर उठे गंभीर सवाल

राजमहल उपकारा कैदी मौत।

साहिबगंज: जिले की जेलों की चिकित्सा व्यवस्था एक बार फिर कठघरे में है, और इस बार मामला जान पर बन आया। राजमहल उपकारा में सोमवार को एक विचाराधीन कैदी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। जेल प्रशासन इसे बीमारी से मौत बता रहा है, पर सवाल वहीं का वहीं है – आखिर जेल के अंदर मौत इतनी आसान कैसे हो गई?

भोजन के बाद सोया, फिर कभी नहीं उठा

मृतक की पहचान राधानगर थाना क्षेत्र के साल्टी पोखर निवासी सुनील बस्की (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह हत्या के एक मामले में 14 जुलाई 2025 से जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर सभी बंदी भोजन कर अपने बैरक में आराम कर रहे थे। दोपहर 2:30 बजे जब सभी को बाहर निकाला जा रहा था, तो सुनील बैरक में ही सोया पाया गया। जेल कर्मियों ने उसे हिलाया-डुलाया, आवाज दी, पर कोई हलचल नहीं। जब नब्ज टटोली तो सन्नाटा था। आनन-फानन में उसे अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर डॉ. उदय टुडू ने उसे देखते ही मृत घोषित कर दिया।

जेल प्रशासन बोला – मिर्गी का मरीज था

प्रभारी उपकारा अधीक्षक विमल सोरेन ने सफाई दी कि सुनील मिर्गी जैसी गंभीर बीमारी से ग्रसित था और उसका इलाज चल रहा था। वाह! क्या इलाज था! कैदी बैरक में तड़पता रहा होगा, बेहोश पड़ा रहा होगा, और पता तब चला जब सबको बाहर निकालने का समय आया। अगर यही इलाज बाहर होता तो क्या मरीज को मरने के बाद ही डॉक्टर के पास ले जाया जाता?

कैदी की मौत पर उठ रहे कई सवाल

सवाल उठता है कि क्या जेल में बंद कैदियों के स्वास्थ्य की रोजाना निगरानी नहीं होती? क्या मिर्गी जैसे मरीज को बैरक में अकेले सोने के लिए छोड़ देना ही इलाज है? क्या जेल में कोई सीसीटीवी, कोई वार्डन था जिसने उसे गिरते-पड़ते देखा हो? फिलहाल परिजनों को सूचना दे दी गई है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही बताएगी कि मौत बीमारी से हुई या लापरवाही से, लेकिन एक बात तय है – राजमहल उपकारा में एक और कैदी ने दम तोड़ दिया, और सिस्टम फिर से ‘जांच’ और ‘इलाज चल रहा था’ कहकर पल्ला झाड़ रहा है। जेल अधीक्षक परमेश्वर भगत की स्पष्टीकरण का इंतज़ार है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More