Sahebganj News: पदातिक एक्सप्रेस में हुई 16 लाख की चोरी का आरपीएफ ने किया खुलासा, गहने और कैश हुए बरामद

पदातिक एक्सप्रेस में हुई चोरी के मुख्य आरोपी और ज्वेलर को गिरफ्तार करती आरपीएफ टीम।

साहिबगंज: पूर्व रेलवे की आरपीएफ और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पदातिक एक्सप्रेस में हुई बड़ी चोरी का खुलासा हुआ है। कोटालपोखर स्टेशन पर ट्रेन से यात्री के 16.41 लाख रुपये के कीमती सामान चोरी के मामले में मुख्य आरोपी समेत एक ज्वेलर को गिरफ्तार किया गया है।

घटना 15 सितंबर 2026 की है, जब डाउन 12378 पदातिक एक्सप्रेस कोटालपोखर स्टेशन पर खड़ी थी। इसी दौरान एस-1 कोच से यात्री के बैग से सोने के आभूषण, कच्चा सोना, चांदी के सिक्के और मोबाइल चोरी हो गए। पीड़ित ने रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ पोस्ट पाकुड़, बरहरवा और सीआईबी बर्द्धमान की संयुक्त टीम बनाई गई। कोटालपोखर स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर एक संदिग्ध व्यक्ति एस-1 कोच में ऑफ-साइड से चढ़ता दिखा। इसी सुराग और लोकल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपी की पहचान हुई।

सूचना पर राजमहल पुलिस के सहयोग से नागेश्वर बाग गांव में आरोपी के ससुराल में छापेमारी कर मुख्य आरोपी को पकड़ा गया। उसके पास रखे गुलाबी ज्वेलरी बैग से टूटी सोने की चूड़ियां, बाला, हार, अंगूठी, चेन, बच्चे का बाजूबंध, देवी का मुकुट, कच्चा सोना, चांदी के सिक्के और 1.41 लाख रुपये नकद बरामद हुए।

पूछ-ताछ में आरोपी ने बताया कि उसने दो सोने की चेन और दो जोड़ी बालियां राजमहल के लालू मार्केट के एक ज्वेलर को 1,41,500 रुपये में बेच दी हैं। टीम ने तुरंत वहां छापा मारकर ज्वेलर को भी गिरफ्तार कर लिया और बेचे गए आभूषण बरामद कर लिए। इस संबंध में जीआरपी बरहरवा में 20 सितंबर 2026 को केस संख्या 48/2026 दर्ज किया गया। बीएनएस की धारा 305(C), 317(2) और 3(5) के तहत कार्रवाई की जा रही है।रेलवे अधिकारियों ने बताया कि सीसीटीवी निगरानी, रेल मदद पर त्वरित शिकायत और आरपीएफ-पुलिस के समन्वय से इतनी बड़ी चोरी का कुछ ही दिनों में खुलासा संभव हो पाया।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More