Sahebganj News: गंगा का जलस्तर घटने से 8 दिन बाद एनएच-80 पर आवाजाही हुई शुरू

साहिबगंज: गंगा के जलस्तर में गिरावट के बाद साहिबगंज-भागलपुर राष्ट्रीय उच्चपथ-80 पर राहत मिली है। सड़क से पानी का दबाव कम होने पर रविवार को करीब 8 दिन बाद इस मार्ग पर लोगों और छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही फिर शुरू हो गई है। हालांकि जिला प्रशासन ने अभी तक मार्ग को आधिकारिक रूप से खोलने की अनुमति नहीं दी है।
5 सितंबर से था बंद
बताते चलें कि गंगा में उफान के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर पानी चढ़ गया था, जिसके बाद 5 सितंबर को प्रशासन ने सुरक्षा को देखते हुए बैरिकेडिंग लगाकर मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया था। तेज बहाव और सड़क पर 2-3 फीट तक पानी होने से आवागमन खतरनाक हो गया था।
अब सिर्फ 6-8 सेंटीमीटर पानी
रविवार की स्थिति यह है कि अकबरनगर के पास सड़क पर महज 6 से 8 सेंटीमीटर पानी रह गया है। जलस्तर लगातार कम हो रहा है। पानी कम होता देख कई वाहन चालक जोखिम लेकर निकलने लगे हैं। मौके पर तैनात पुलिस जवानों को वाहनों पर नजर रखने और सावधानी बरतने का निर्देश दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जलस्तर की औपचारिक समीक्षा के बाद ही एनएच-80 पर सामान्य परिचालन की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। यदि दोबारा जलस्तर बढ़ा तो तुरंत आवाजाही फिर से रोक दी जाएगी।
कहलगांव में अब भी जलजमाव
उधर, गंगा का पानी घटने के बावजूद कहलगांव अनुमंडल में आधा दर्जन से अधिक ग्रामीण सड़कें अभी भी जलमग्न हैं। निचले इलाकों से पानी धीरे-धीरे निकल रहा है, लेकिन स्थिति सामान्य होने में अभी 2-3 दिन का समय लग सकता है।
