Sahebganj News: उफनाई गंगा से राजमहल व उधवा के सैकड़ों गांव जलमग्न, भयावह हुई बाढ़

साहिबगंज गंगा बाढ़ तबाही।

साहिबगंज: साहिबगंज, राजमहल और उधवा प्रखंड के सैकड़ों गांव-दियारा इलाके में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है और बाढ़ की स्थिति दिन-ब-दिन भयावह होती जा रही है। पिछले कई दिनों से हजारों घर बाढ़ के पानी से घिरे हैं। चारों तरफ समंदर जैसा मंजर है, बीच में डूबते आशियाने और छतों पर टकटकी लगाए जिंदगियां।

पानी में घिरा जीवन, हर सांस एक जंग

सदर प्रखंड, राजमहल और उधवा प्रखंड के सैकड़ों गांवों के निचले इलाकों में हालात सबसे ज्यादा खराब हैं। घरों के अंदर छाती भर से ज्यादा पानी घुस चुका है। रसोई डूबी है, चूल्हा बुझा है। लोगों का सुरक्षित जगह तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है। सबसे ज्यादा मार बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं पर पड़ रही है। न पीने को साफ पानी है, न खाने को सूखा अनाज।

छत ही बनी आखिरी उम्मीद

सबसे मार्मिक तस्वीर उन परिवारों की है जो अपना घर छोड़ने को तैयार नहीं। मजबूरी में वो अपने ही घर की छत पर दिन-रात गुजार रहे हैं। छत पर ही पॉलीथीन तानकर सोना, छत पर ही बच्चों को संभालना। नीचे उतरे तो जान जोखिम में, ऊपर रहे तो भूख और बीमारी का डर। कई परिवारों के पास तो छत भी नहीं बची। बांस-बल्ली की झोपड़ी और राशन गंगा में समा चुकी है।

सरकारी सुविधाएं तक मयस्सर नहीं

स्थानीय लोगों का दर्द छलक रहा है। ग्रामीण बताते हैं कि कई दिनों से पानी घरों में घुसा है, लेकिन अब तक पर्याप्त सरकारी राहत नहीं पहुंची है। दो-चार जगह नाव आई, कुछ पैकेट बंटे, लेकिन सैकड़ों परिवारों के लिए वो ऊंट के मुंह में जीरा साबित हो रहा है। बाढ़ पीड़ितों की एक ही मांग है – तत्काल बचाव, नाव की व्यवस्था, सूखा राशन, पीने का पानी, दवाइयां और पॉलीथीन शीट।

जनप्रतिनिधि गायब, कौन करे मदद

इस संकट में प्रशासन की सुस्ती के बीच कुछ समाजसेवी फरिश्ता बनकर आगे आए हैं। अपनी निजी क्षमता से वो नाव के सहारे बाढ़ में फंसे लोगों तक भोजन और पानी पहुंचा रहे हैं। उनकी छोटी कोशिशों से कई घरों में चूल्हा जल रहा है, लेकिन जरूरत व्यापक अभियान की है। न तो विधायक को चिंता है और न ही सांसद को। गंगा का पानी अभी भी बढ़ रहा है। छतों पर बैठे लोग टकटकी लगाए प्रशासन की ओर देख रहे हैं। सवाल एक ही है – इन डूबते घरों और छत पर अटकी जिंदगियों तक मदद कब पहुंचेगी?

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More