Jharkhand Flood: साहिबगंज में बाढ़ से हाहाकार, दर्जनों गांव जलमग्न; सड़क बनी आशियाना, रातभर जागकर पहरा दे रहे दियारावासी

साहिबगंज। गंगा के बढ़ते जलस्तर ने साहिबगंज प्रखंड के दियारा क्षेत्र में तबाही मचा दी है। साहिबगंज प्रखंड के किशन प्रसाद, लालबथानी, रामपुर, रामनगर, बलुआ टोली, मखमलपुर दक्षिण, मुसहरी टोला सहित दर्जनों गांव पूरी तरह से बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। लोगों के घरों में कमर भर पानी घुस गया है। स्थिति यह है कि लोगों का घर डूब गया, आशियाना उजड़ गया और पूरा परिवार बिखर गया है।

इसके अलावा हाजीपुर दियारा और बाबूपुर गांव में भी लगातार पानी बढ़ने से हालात गंभीर होते जा रहे हैं। वहीं, लालबथानी, मखमलपुर, शोभनपुर, हाजीपुर पश्चिम और कोदरजन्ना, चानन, कबूतरखोपी, मदनशाही में बाढ़ का सबसे ज्यादा कहर देखने को मिल रहा है।

सड़क पर गुजर रही रात, मवेशियों के साथ जिंदगी दांव पर

बाढ़ से घिरे ग्रामीण अपने परिवार और मवेशियों को लेकर ऊंची सड़कों पर शरण लिए हुए हैं। दिन-रात सड़क पर ही गुजर रहा है। ग्रामीण बताते हैं कि रातभर जागकर उन्हें अपने घर-परिवार और मवेशियों की सुरक्षा करनी पड़ रही है, क्योंकि पानी कब कितना बढ़ जाए, इसका कोई अंदाजा नहीं है। पॉलीथिन और बांस की चटाई के नीचे छोटे-छोटे बच्चे और बुजुर्ग भूखे-प्यासे रहने को मजबूर हैं। चारों तरफ पानी ही पानी है। पीने के पानी तक के लिए लोग तरस रहे हैं।

प्रशासन से राहत की गुहार

बाढ़ पीड़ितों ने जिला प्रशासन से राहत सामग्री, भोजन, पीने का पानी, पॉलीथिन शीट और जरूरी सामान उपलब्ध कराने की गुहार लगाई है। ग्रामीणों का कहना है कि अभी तक जो राहत पहुंची है, वह ऊंट के मुंह में जीरा के समान है। कई टोलों तक तो अभी तक एक दाना भी नहीं पहुंचा है।

एक बाढ़ पीड़ित ने बताया कि हमारा घर डूब गया। जिस आशियाने को कभी दिन-रात मेहनत-मजदूरी करके बनाया, वह उजड़ गया। अब सड़क ही हमारा घर है। प्रशासन जल्द से जल्द नाव और खाने की व्यवस्था करे।

जिले के बाढ़ प्रभावित लोग टकटकी लगाए प्रशासन की मदद का इंतजार कर रहे हैं। अगर जल्द राहत नहीं पहुंची तो भूख और बीमारी से स्थिति और भयावह हो सकती है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More