साहिबगंज: सड़क पर ‘धान रोपनी’ आंदोलन के ऐलान से हड़कंप, गांव पहुंचे एसडीओ-बीडीओ और इंजीनियर

साहिबगंज: बोरियो प्रखंड के पुआल गांव के ग्रामीणों ने जर्जर सड़क की समस्या को लेकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। ग्रामीणों ने ऐलान किया था कि सड़क की बदहाल स्थिति के विरोध में 9 सितंबर को सड़क पर ही ‘धान रोपनी’ कर प्रदर्शन किया जाएगा। आंदोलन की घोषणा के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया।
मामला पुआल पंचायत के मांझी टोला स्थित पंचायत भवन तक जाने वाली मुख्य सड़क का है। ग्रामीणों के अनुसार यह सड़क पिछले कई वर्षों से जर्जर है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढों में तब्दील हो चुकी है। बरसात के दिनों में सड़क पर घुटने भर कीचड़ और जलजमाव हो जाता है, जिससे लोगों को आवागमन में भारी परेशानी होती है।
ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने सड़क निर्माण को लेकर कई बार मुखिया, विधायक और संबंधित अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन अब तक उन्हें आश्वासन के अलावा कुछ हासिल नहीं हुआ। जर्जर सड़क के कारण स्कूली बच्चों, मरीजों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ग्रामीणों के आंदोलन के ऐलान की जानकारी मिलते ही सदर अनुमंडल पदाधिकारी अमर जॉन आईंद, ग्रामीण कार्य विभाग के कार्यपालक अभियंता देवी लाल हांसदा और बोरियो प्रखंड विकास पदाधिकारी नागेश्वर साह दल-बल के साथ पुआल गांव पहुंचे। अधिकारियों ने पैदल चलकर सड़क की स्थिति का जायजा लिया और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।
इस दौरान बीडीओ नागेश्वर साह ने ग्रामीणों को बताया कि सड़क निर्माण की स्वीकृति मिल चुकी है। कुछ तकनीकी कारणों और लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि बारिश थमते ही सड़क निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने फिलहाल कुछ दिन इंतजार करने की बात कही है। हालांकि ग्रामीणों ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण का काम शुरू नहीं हुआ तो वे तय कार्यक्रम के अनुसार सड़क पर धान रोपनी आंदोलन करेंगे।
