Sahebganj News: जल जीवन मिशन की समीक्षा: कागजों पर प्रगति, अब भी पानी का इंतजार

साहिबगंज: ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने और हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के उद्देश्य से उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक हुई।
बैठक में जल जीवन मिशन के तहत जिले में संचालित बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना, बल्क वाटर सप्लाई योजना और एकल ग्रामीण जलापूर्ति योजना सहित अन्य योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों और कार्य एजेंसियों से योजनावार प्रगति की जानकारी ली और कार्यों को तय समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि पेयजलापूर्ति योजनाएं आमजन की मूलभूत जरूरत से जुड़ी हैं, इसमें लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर लंबित कार्यों को प्राथमिकता पर पूरा करें और कार्यस्थलों की नियमित निगरानी करें।
हालांकि समीक्षा बैठकें और निर्देशों का दौर लगातार जारी है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे अलग है। कई गांवों में महीनों पहले नल और पाइप तो लग गए, लेकिन टोंटी से पानी नहीं आया। ग्रामीणों में चर्चा है कि बैठकें होती रहती हैं, आश्वासन मिलते रहते हैं, लेकिन पानी का इंतजार करते-करते लोग अब बूढ़े हो चले। आज भी गर्मी और सूखे में चापाकल बेकार बने हुए हैं। अब देखना होगा कि उपायुक्त के सख्त निर्देश के बाद धरातल पर कितनी जल्दी जलापूर्ति बहाल होती है।
