साहिबगंज: बोरियो में स्वास्थ्य विभाग की नई बिल्डिंग में चोरी, दरवाजा तोड़कर बैट्री-इनवर्टर और 15 कुर्सियां ले गए चोर

साहिबगंज: बोरियो प्रखंड मुख्यालय स्थित डाक बंगला परिसर में नव निर्मित ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के भवन में चोरी की घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने भवन का दरवाजा तोड़कर अंदर रखी बैट्री, इनवर्टर और करीब 15 कुर्सियां चोरी कर लीं। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।
घटना के संबंध में डॉ. रितेश कुमार ने बोरियो थाना में लिखित आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज करने और कार्रवाई की मांग की है। सूचना मिलते ही बोरियो पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी है।
घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि जिस भवन से प्रखंड की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं संचालित होनी हैं, उसी की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, डाक बंगला परिसर लंबे समय से असामाजिक तत्वों के जमावड़े का स्थान बना हुआ है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिसर में कथित रूप से शराब की बिक्री भी होती है और शाम ढलने के बाद असामाजिक गतिविधियां बढ़ जाती हैं। नियमित निगरानी और सुरक्षा कर्मियों की व्यवस्था नहीं होने से असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ने की बात कही जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चोरी की घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही डाक बंगला परिसर में असामाजिक तत्वों के जमावड़े और कथित शराब बिक्री की जांच कराने तथा नव निर्मित स्वास्थ्य भवन की सुरक्षा के लिए स्थायी व्यवस्था करने की मांग की गई है।
