Sahebganj News: 6 एथलीट पटना रवाना, पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स में दिखाएंगे दम

साहिबगंज: 37वीं पूर्वी क्षेत्र जूनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप में भाग लेने के लिए साहिबगंज जिले के 6 होनहार खिलाड़ी सोमवार सुबह पटना के लिए रवाना हुए। यह प्रतियोगिता 22 से 24 सितंबर तक पटना में आयोजित होगी। साहिबगंज के ये सभी एथलीट झारखंड टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इनमें सिद्धों-कान्हू स्टेडियम स्थित आवासीय बालक एथलेटिक्स प्रशिक्षण केंद्र के एमानुएल किस्कू, परमा हांसदा, चंदन रजवार, विशाल कुमार, पृथ्वी मंडल और सकरीगली डे-बोर्डिंग सेंटर के आकाश मंडल शामिल हैं।
प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के कुल 11 एथलीटों का चयन झारखंड टीम के लिए हुआ है। अन्य चयनित खिलाड़ी अपनी स्पर्धा की तिथि के अनुसार पटना रवाना होंगे। इस चैंपियनशिप में झारखंड, बिहार, बंगाल, ओडिशा, असम, मिजोरम, मणिपुर, त्रिपुरा, मेघालय, सिक्किम, नागालैंड, अरुणाचल प्रदेश और अंडमान-निकोबार सहित पूर्वी भारत की टीमें हिस्सा लेंगी। खिलाड़ियों के रवाना होने पर उपायुक्त दीपक कुमार दूबे, उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला खेल पदाधिकारी नयन कुमार, जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष राजेश यादव सहित कई खेल प्रेमियों ने शुभकामनाएं दीं हैं।
