साहिबगंज के 42 जरूरतमंद बच्चों को मिलेगा सहारा, हर माह मिलेंगे ₹4,000

साहिबगंज: समाहरणालय स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में उपायुक्त दीपक कुमार दूबे की अध्यक्षता में स्पॉन्सरशिप योजना को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल कल्याण समिति से प्राप्त नव चयनित लाभुक बच्चों के प्रस्तावों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। भौतिक सत्यापन पूरा होने के बाद उपायुक्त ने कुल 42 बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ देने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की। स्वीकृत बच्चों में 20 बालक और 22 बालिकाएं शामिल हैं।

योजना के तहत प्रत्येक पात्र बच्चे को प्रतिमाह ₹4,000 की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस राशि का उपयोग बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, भरण-पोषण और देखभाल के लिए किया जाएगा। उपायुक्त ने कहा कि नियमित सहायता मिलने से जरूरतमंद बच्चों की पढ़ाई नहीं रुकेगी और उनके पोषण व स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें भी पूरी होंगी। प्रशासन का लक्ष्य है कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी बच्चे का भविष्य अंधकार में न जाए।

उपायुक्त दीपक कुमार दूबे ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि चयनित सभी 42 बच्चों को समयबद्ध तरीके से योजना का लाभ उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि बाल हित सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए योजना का क्रियान्वयन पूरी तरह प्रभावी और पारदर्शी होना चाहिए।

उन्होंने सहायता राशि के उपयोग की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राशि का उपयोग सिर्फ बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और आवश्यक देखभाल के लिए ही होना चाहिए। लाभुक बच्चों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जाए।

उपायुक्त ने कहा कि बच्चों को सुरक्षित, स्वस्थ, संरक्षित और सम्मानजनक वातावरण देना जिला प्रशासन की पहली जिम्मेदारी है। सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र बच्चे तक पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है।

बैठक में उप विकास आयुक्त सतीश चंद्रा, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी पूनम कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More