साहिबगंज: राजमहल में फेरी सेवा के बाद अब नौका सेवा बंद, प्रशासन ने लगाया ब्रेक

साहिबगंज: जिले में गंगा का जलस्तर लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रहा है। स्थिति को देखते हुए राजमहल प्रखंड प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए राजमहल से पश्चिम बंगाल के मानिकचक के बीच चलने वाली यात्री नौका सेवा को अगले आदेश तक पूरी तरह बंद कर दिया है। इससे पहले फेरी सेवा भी बंद की जा चुकी है।

पिछले कुछ दिनों से गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि हो रही है। पानी अब तटीय और निचले इलाकों में प्रवेश करने लगा है। कई गांवों में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। गंगा में तेज बहाव और उफान के कारण नाव से यात्रियों को नदी पार कराना बेहद जोखिम भरा हो गया है।

किसी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका को देखते हुए अनुमंडल प्रशासन ने नाव संचालकों को सख्त निर्देश दिया है कि कोई भी नाव यात्रियों को लेकर गंगा पार न कराए। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

राजमहल और मानिकचक के बीच फेरी सेवा बंद होने के बाद नाव ही लोगों के आवागमन का मुख्य साधन थी। रोजाना बड़ी संख्या में लोग काम, व्यापार, इलाज और पढ़ाई के लिए इस मार्ग से आवागमन करते हैं। अचानक नौका सेवा बंद होने से दोनों तरफ के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घाटों पर भी सन्नाटा पसरा हुआ है।

अनुमंडल पदाधिकारी सदानंद महतो ने बताया कि गंगा के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर राजमहल-मानिकचक के बीच यात्री नौका परिचालन पर रोक लगाई गई है। सभी नाव संचालकों को प्रशासन के निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है।

उन्होंने लोगों से अपील की है कि बाढ़ की स्थिति में गंगा पार करने का प्रयास बिल्कुल न करें और प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। जलस्तर सामान्य होने के बाद ही नौका सेवा दोबारा शुरू की जाएगी।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More