Sahibganj News: सितंबर के अंत में 5 दिन बैंक बंद रहने का खतरा, 28-30 सितंबर की हड़ताल टालने में जुटा वित्त मंत्रालय

साहिबगंज: सितंबर के आखिरी सप्ताह में बैंक ग्राहकों की परेशानी बढ़ सकती है। देशभर में 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिन बैंक शाखाओं में कामकाज प्रभावित रहने की आशंका है। बैंक यूनियनों ने 28, 29 और 30 सितंबर को तीन दिवसीय देशव्यापी हड़ताल का ऐलान किया है। इससे पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण बैंक शाखाएं बंद रहेंगी।
ऐसे में अगर सरकार और बैंक यूनियनों के बीच सहमति नहीं बनती है, तो 26 से 30 सितंबर तक लगातार पांच दिनों तक बैंक शाखाओं में कामकाज बंद रह सकता है।
हड़ताल टालने के लिए वित्त मंत्रालय ने बुलाई बैठक
हड़ताल की आशंका को देखते हुए वित्त मंत्रालय ने बातचीत की पहल तेज कर दी है। मंत्रालय ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों (PSB), क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों और नाबार्ड के शीर्ष अधिकारियों को बैठक के लिए बुलाया है।
22 और 23 सितंबर को इंडियन बैंक एसोसिएशन (IBA), बैंक प्रबंधन और वित्त मंत्रालय के बीच अहम बैठक प्रस्तावित है। सरकार की कोशिश बातचीत के जरिए हड़ताल को टालने की है, ताकि बैंक ग्राहकों को किसी तरह की बड़ी परेशानी का सामना न करना पड़े।
बैंक हड़ताल हुई तो किन सेवाओं पर पड़ेगा असर?
अगर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित हड़ताल होती है, तो बैंक शाखाओं में कैश जमा-निकासी, चेक क्लीयरेंस, लोन से जुड़े काम और अन्य शाखा स्तर की सेवाएं प्रभावित हो सकती हैं।
वहीं, UPI, नेट बैंकिंग और ATM जैसी डिजिटल सेवाएं पूरी तरह बंद होने की संभावना नहीं है, हालांकि लंबे समय तक शाखाएं बंद रहने से कुछ क्षेत्रों में नकदी की उपलब्धता पर असर पड़ सकता है।
ग्रामीण इलाकों में इसका प्रभाव अधिक देखने को मिल सकता है, क्योंकि वहां बड़ी संख्या में ग्राहक अब भी बैंक शाखाओं की सेवाओं पर निर्भर हैं। महीने के अंतिम दिनों में वेतन, पेंशन और व्यापारिक भुगतान करने वाले लोगों को भी परेशानी हो सकती है।
बैठक के बाद तय होगा हड़ताल का भविष्य
ऑल इंडिया बैंक ऑफिसर्स एसोसिएशन के राष्ट्रीय सचिव डीएन त्रिवेदी के अनुसार, सरकार ने बातचीत शुरू करने की पहल की है। अब 22 और 23 सितंबर को होने वाली बैठकों के नतीजे के बाद ही स्पष्ट होगा कि प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल होगी या इसे टाल दिया जाएगा।
