साहिबगंज-सुल्तानगंज NH-80 बंद, गंगा ने तोड़ा 36.75 मीटर का रिकॉर्ड

साहिबगंज/सुल्तानगंज। गंगा का रौद्र रूप अब खतरे की सारी सीमाएं लांघ चुका है। बिहार के सुल्तानगंज में गंगा ने इतिहास रच दिया है। यहां गंगा का जलस्तर 36.78 मीटर पहुंच गया है, जो आज तक के सबसे ऊंचे स्तर 36.75 मीटर के पुराने रिकॉर्ड से 3 सेंटीमीटर ज्यादा है। इस रिकॉर्ड तोड़ बाढ़ का सबसे बड़ा झटका साहिबगंज-सुल्तानगंज राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर लगा है, जिसे प्रशासन ने पूरी तरह से बंद कर दिया है।

राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर लगा बैरियर

लगातार बढ़ रहे पानी के बाद प्रशासन ने कोई रिस्क नहीं लिया और राष्ट्रीय राजमार्ग-80 पर दोनों तरफ बैरियर लगाकर आवाजाही रोक दी है। अकबरनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत भवनाथपुर के पास तो हालात सबसे भयावह हैं, वहां मुख्य सड़क पर 2 से 3 फीट तक पानी तेज धारा के साथ बह रहा है। पैदल चलना भी जान जोखिम में डालने जैसा है, इसीलिए किसी भी वाहन को इस मार्ग से जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। साहिबगंज से सुल्तानगंज-मुंगेर जाने वाली यह लाइफलाइन फिलहाल पानी में डूब चुकी है।

पटना का सफर हुआ मुश्किल, अब नवगछिया बन रहा सहारा

साहिबगंज से भागलपुर, मुंगेर होते हुए पटना जाने वाले लोगों की परेशानी बढ़ गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग-80 बंद होने के बाद प्रशासन ने लोगों को निर्माणाधीन फोरलेन से जाने की सलाह दी है, लेकिन वहां भी पानी तेजी से बढ़ रहा है। अगर फोरलेन भी डूबा तो साहिबगंज का सड़क संपर्क मुंगेर और पटना दोनों से कट जाएगा। ऐसे में अभी पटना जाने के लिए नवगछिया रूट ही एकमात्र विकल्प बचा है, जहां से घूमकर लंबा सफर तय करना पड़ रहा है।

साहिबगंज में खतरे के निशान से 1.35 मीटर ऊपर गंगा

बाढ़ का पानी सिर्फ सड़क पर ही नहीं, रेलवे पर भी कहर बनकर टूट रहा है। साहिबगंज में गंगा खतरे के निशान 27.25 मीटर से 1.35 मीटर ऊपर बह रही है। पिछले 24 घंटे में भागलपुर में 16 सेंटीमीटर और कहलगांव में 18 सेंटीमीटर पानी बढ़ा है।

ट्रेन की रफ्तार पर भी ब्रेक

साहिबगंज-भागलपुर-जमालपुर रेलखंड पर पानी रेलवे पुल के गर्डर को छूने वाला है। बरियारपुर के लोहा पुल के पास पानी का दबाव लगातार बढ़ रहा है, जिसके कारण ट्रेनों को धीमी गति से चलाया जा रहा है और रेलवे की टीम हर पल निगरानी में जुटी है। फिलहाल प्रशासन की नजरें अगले 2-3 दिनों पर टिकी हैं, जब पानी में कुछ कमी आने की उम्मीद जताई जा रही है।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More