साहिबगंज-मालदा मेमू में पांव रखने की जगह नहीं, रोजाना धक्के खा रहे यात्री, प्रस्तावित टाइम टेबल तैयार

ठसाठस भरी ट्रेन में बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग यात्री खड़े होकर सफर करने को मजबूर
साहिबगंज। साहिबगंज-मालदा मेमू पैसेंजर की ये तस्वीरें रेलवे की व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर रही हैं। ठसाठस भरी ट्रेन में हर रोज बुजुर्ग, महिलाएं और दिव्यांग यात्री खड़े होकर, धक्के खाते हुए सफर करने को मजबूर हैं। बैठने की बात तो दूर, ठीक से खड़े होने तक की जगह नहीं मिलती। यात्रियों का सवाल है कि क्या रेलवे विभाग को ये हालात दिखाई नहीं देती, या जनप्रतिनिधियों को जनता की परेशानी सुनाई नहीं देती? सालों से साहिबगंज और मालदा के बीच सिर्फ एक पैसेंजर ट्रेन के भरोसे हजारों यात्रियों को क्यों छोड़ दिया गया है?
वर्तमान में मालदा के लिए सीमित ट्रेन सुविधा होने से सबसे ज्यादा परेशानी छात्रों, नौकरीपेशा लोगों और इलाज के लिए मालदा जाने वाले मरीजों को हो रही है। भीड़ के कारण कई बार यात्री ट्रेन में चढ़ भी नहीं पाते। यही वजह है कि साहिबगंज से मालदा टाउन के बीच नई मेमू पैसेंजर ट्रेन चलाने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है।
इसी मांग को आवाज देने के लिए झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन की टीम ने एक प्रस्तावित टाइम टेबल तैयार किया है। प्रस्ताव के अनुसार ट्रेन सुबह 10:50 बजे साहिबगंज से खुलेगी और दोपहर 2:00 बजे मालदा टाउन पहुंचेगी। वापसी में मालदा टाउन से दोपहर 3:00 बजे खुलेगी और शाम 6:00 बजे साहिबगंज पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव सभी छोटे-बड़े स्टेशनों पर प्रस्तावित है – साहिबगंज, सकरीगली, महाराजपुर, करणपुरातो, तालझारी, कल्याणचक, तीनपहाड़ जं., धमधमिया, बाक़ुडी, बड़हरवा जं., बोनीडांगा, बिंदुवासिनी, तिलडांगा, न्यू फरक्का जं., चामाग्राम, खलतीपुर, जमीरघाटा, गौर मालदा और मालदा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि साहिबगंज-मालदा रूट पर प्रतिदिन हजारों छात्र, व्यापारी और मरीज यात्रा करते हैं। ट्रेनों की संख्या कम होने से काफी परेशानी होती है। अगर यह मेमू सेवा शुरू होती है तो यह साहिबगंज, बरहरवा और मालदा के लोगों के लिए लाइफलाइन साबित होगी। झारखंड रेल यूजर्स एसोसिएशन की इस पहल की लोग खूब सराहना कर रहे हैं। लोगों ने रेल मंत्रालय और मालदा रेल मंडल से इस मांग पर विचार करने की अपील की है और सोशल मीडिया पर इस मांग को मजबूती से उठाने की बात कही है, ताकि आवाज रेलवे बोर्ड और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचे।
