सड़क, ड्रेनेज और यातायात व्यवस्था सुधारने पर हेमंत सोरेन का जोर

रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को झारखंड मंत्रालय में नगर विकास एवं आवास विभाग तथा पथ निर्माण विभाग की कार्ययोजनाओं, योजनाओं और परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं का प्रभावी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक में रांची के रोड नेटवर्क, मास्टर प्लान, फ्लाईओवर, पार्क, चौक-चौराहों, यातायात व्यवस्था, ड्रेनेज सिस्टम और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रांची के बढ़ते विस्तार और आबादी को देखते हुए शहर के विकास के लिए दीर्घकालिक एवं समग्र कार्ययोजना तैयार की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास का दायरा केवल रांची तक सीमित नहीं रहे, बल्कि राज्य के अन्य प्रमुख शहरों को भी सुनियोजित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में काम किया जाए। इसके लिए शहरों को जोनवार विभाजित कर आबादी और स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास योजनाएं तैयार करने का निर्देश दिया।
सड़क के साथ ड्रेनेज भी जरूरी
मुख्यमंत्री ने सड़क निर्माण के साथ ड्रेनेज व्यवस्था को भी परियोजना का अनिवार्य हिस्सा बनाने पर जोर दिया। उन्होंने सड़क के दोनों किनारों पर वैज्ञानिक तरीके से जल निकासी की व्यवस्था करने तथा सड़क, ड्रेनेज और पैदल आवागमन के लिए पर्याप्त जगह का प्रावधान करने का निर्देश दिया। जलजमाव वाले क्षेत्रों को चिन्हित कर प्रभावी ड्रेनेज नेटवर्क विकसित करने तथा पहले से बनी सड़कों की जल निकासी व्यवस्था का तकनीकी अध्ययन कर आवश्यक सुधार करने को कहा।
उन्होंने कहा कि भविष्य में सड़क किनारे अतिक्रमण अथवा अनियोजित निर्माण की समस्या न हो, इसके लिए निर्माण के समय ही पर्याप्त स्थान का प्रावधान किया जाना चाहिए। मुख्यमंत्री ने सभी विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने और परियोजनाओं की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
हर वार्ड में वेंडर मार्केट विकसित करने पर जोर
मुख्यमंत्री ने सड़क किनारे ठेला, गुमटी और अन्य स्वरोजगार के माध्यम से आजीविका चलाने वाले वेंडर्स के लिए व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि सभी वेंडर्स को चिन्हित कर प्रत्येक वार्ड में जरूरत के अनुसार वेंडर मार्केट विकसित करने की दिशा में काम किया जाए। इससे सड़क किनारे अनियोजित वेंडिंग के कारण होने वाले जाम और भीड़ को कम किया जा सकेगा तथा वेंडर्स की आजीविका भी प्रभावित नहीं होगी।
अनावश्यक रोड कट बंद होंगे
रांची की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने शहर में संचालित बसों की संख्या, रूट और समय-सारणी का डेटा तैयार करने को कहा। उन्होंने सड़कों पर बने अनावश्यक कटों को चिन्हित कर बंद करने तथा वाहनों के लिए निर्धारित चौक-चौराहों से ही सुरक्षित टर्निंग की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि अनावश्यक कट यातायात व्यवस्था को प्रभावित करते हैं, इसलिए ऐसे स्थानों का तकनीकी अध्ययन कर आवश्यक सुधार किया जाए।
लटकते तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश
मुख्यमंत्री ने रांची शहर की सुंदरता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर लटक रहे बिजली, टेलीकॉम और अन्य केबल तारों को व्यवस्थित करने का निर्देश दिया। पेड़ों की शाखाओं पर लटक रहे अनावश्यक तारों को हटाने तथा उपयोगी तारों को सुरक्षित तरीके से लगाने को कहा गया।
उन्होंने नए केबल बिछाने के दौरान तकनीकी मानकों का पालन करने और बार-बार सड़क की खुदाई रोकने के लिए संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने का निर्देश दिया। जहां संभव हो, केबल और अन्य उपयोगिताओं के लिए निर्धारित कॉरिडोर अथवा डक्ट विकसित करने की दिशा में भी काम करने को कहा।
सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे की होगी पहचान
मुख्यमंत्री ने सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को चिन्हित कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और अनियोजित वेंडिंग की समस्या का समाधान करते हुए संबंधित लोगों को वैकल्पिक एवं व्यवस्थित स्थान उपलब्ध कराया जाए, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रहे और लोगों की आजीविका भी सुरक्षित रहे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों के विकास की योजना बनाते समय सड़क नेटवर्क, यातायात, ड्रेनेज, स्वच्छता, ठोस कचरा प्रबंधन, वेंडर व्यवस्था, सार्वजनिक परिवहन, पार्क और हरित क्षेत्रों को समग्र रूप से शामिल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि शहरों का विकास केवल निर्माण कार्यों तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
बैठक में मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, प्रधान सचिव सुनील कुमार, रांची उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री, वरीय पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन सहित संबंधित विभागों के वरीय पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित थे।
