Ranchi News: डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में तीसरे दीक्षांत समारोह की समीक्षा बैठक संपन्न

रांची: सोमवार को अपराह्न 3 बजे डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय, रांची के गांधी सभागार में कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने आगामी 24 सितंबर 2026 को विश्वविद्यालय के द्वारा आयोजित किए जानेवाले तीसरे दीक्षांत समारोह से संबंधित अपनी अध्यक्षता में आयोजन की अंतिम तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की। इस बैठक में सभी डीन, विभागाध्यक्ष और आयोजन समिति के सदस्यों के साथ कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने पूरे दीक्षांत समारोह के आयोजन की रुपरेखा, विभिन्न कमेटियों के कार्य निर्धारण, डिग्रियों के वितरण और व्यवस्था पर बारीकी से विचार विमर्श किया।
उन्होंने कार्यक्रम की विस्तार से जानकारी साझा करते हुए कहा कि इस तीसरे दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता करने के साथ मुख्य अतिथि के तौर पर झारखंड राज्य के राज्यपाल सह राज्य के विश्वविद्यालयों के कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार मौजूद रहेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य डॉ राकेश मोहन इस अवसर पर दीक्षांत संबोधन देेंगे। कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने आगे कहा कि यह आयोजन पूरे तरीके से विद्यार्थियों के लिए और उन्हें हीं समर्पित हैं।
उन्होंने कहा कि उपाधि वितरण कार्यक्रम की समाप्ति तक प्रत्येक विभागों के विभागाध्यक्ष और शिक्षक उन विद्यार्थियों के साथ अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें ताकि विद्यार्थियों को एक जुड़ाव महसूस हो सकें। कुलपति डॉ राजीव मनोहर ने कहा कि कार्यक्रम के सुचार और व्यवस्थित संचालन के लिए यह आवश्यक होगा कि आमंत्रित अतिथि और उपाधिधारक विद्यार्थी 24 सितंबर को पूर्वाह्न 10 बजे तक अपना स्थान ग्रहण कर लें। उन्होंने संबंधित समिति को इसे सुनिश्चित करने का आग्रह किया। अंतिम तौर पर उन्होंने सभी समितियों को आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए इस आयोजन को सफल बनाने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि आगामी 24 सितंबर 2026 को दीक्षांत मंडप में आयोजित किए जानेवाले इस तृतीय दीक्षांत समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के स्नातक सत्र 2022 से 2025 और स्नातकोत्तर के सत्र 2023 से 2025 और सत्र 2024 से 2026 के विद्यार्थियों को उपाधि वितरण किया जायेगा। आज कुलपति डॉ राजीव मनोहर की अध्यक्षता में हुए आयोजन समिति की इस बैठक में कुलसचिव डॉ धनंजय द्विवेदी,सभी संकायों के डीन, विभागाध्यक्ष, शिक्षक और आयोजन समिति के सदस्यों की उपस्थिति रही।यह जानकारी पीआरओ डॉ राजेश कुमार सिंह ने दी।
