Ranchi News: सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, मन लगाकर पढ़ाई करें : कुलपति

रांची: कैंब्रिज इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी में मंगलवार को नवनामांकित विद्यार्थियों के लिए 21 दिवसीय ओरिएंटेशन कम इंडक्शन प्रोग्राम की शुरुआत समारोहपूर्वक हुई। कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जेयूटी के कुलपति डॉ. डीके सिंह ने नवनामांकित विद्यार्थियों को संबोधित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के अभिभावक भी मौजूद थे।
मुख्य अतिथि डॉ. सिंह ने विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता। मन लगाकर पढ़ाई करें, जिज्ञासु बनें और एआई जैसे टूल्स पर निर्भर न होकर अपने भीतर क्रिटिकल थिंकिंग के गुण विकसित करें। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा विद्यार्थियों के लिए पाठ्यक्रम के अलावा माइनॉर डिग्री जैसे कोर्स चलाए जाने की जानकारी दी।
कार्यक्रम को बतौर विशिष्ट अतिथि चीफ फैक्ट्री इंस्पेक्टर, झारखंड मनीष कुमार सिन्हा, असिस्टेंट कमिश्नर स्टेट टैक्स शशांक जमुआर और जिंदल स्टील, पतरातू के महाप्रबंधक संतोष कुमार ने भी संबोधित किया।
इसके पूर्व प्राचार्य डॉ. एल. रंगनाथन ने विषय प्रवेश कराते हुए विद्यार्थियों को संस्थान के बारे में विस्तृत जानकारी दी। वहीं, उप प्राचार्य प्रो. रसिका नवनीत सिंह ने कैंब्रिज ट्रस्ट के संस्थापक अध्यक्ष व महान शिक्षाविद स्व. डॉ. बहादुर सिंह की जीवनी को रेखांकित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों द्वारा स्वागत गान, डांस, मिमिक्री आदि रंगारंग कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। धन्यवाद ज्ञापन सिविल विभागाध्यक्ष डॉ. डीके सिंह ने किया।
मौके पर कैंब्रिज ट्रस्ट की संयुक्त सचिव डॉ. पल्लवी सिंह, उप प्राचार्य प्रो. रसिका नवनीत सिंह, डीन प्रो. अरशद उस्मानी, डिप्टी रजिस्ट्रार मनीष नाथ, डॉ. नवीन कुमार, डॉ. शालिनी सिंह, प्रो. अंकित सिंह, डॉ. पीएस शर्मा आदि शिक्षक मुख्य रूप से उपस्थित थे।
