चौथे चरण की मतदान की तैयारी पूरी, 64,58,036 मतदाता करेंगे मतदान

 

रांची: चौथे चरण के चुनाव के तहत सोमवार 13 मई को पलामू, लोहरदगा, खूंटी और सिंहभूम लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र में मतदान होगा। मतदान की तैयारी पूरी हो चुकी है। पोलिंग पार्टी और सुरक्षा बल मतदान केंद्रों के लिए रवाना किये जा चुके हैं। उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया कि पोलिंग पार्टी और सुरक्षाबलों की रवानगी की जीपीएस और ऐप के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। मतदान कर्मियों को कई स्थानों पर हेलीकॉप्टर से पहुँचाया गया है। 

उन्होंने बताया कि कुल 30,380 मतदानकर्मी मतदान कार्य में लगाये गये हैं। चौथे चरण के चुनाव में कुल 45 उम्मीदवार हैं। इनमें सबसे अधिक लोहरदगा में 15 और सबसे कम खूंटी में 7 प्रत्याशी हैं। उनमें 36 पुरुष और 9 महिलाएं हैं। कुल 7,595 बूथ हैं। उनमें शहरी क्षेत्र में 639 और ग्रामीण क्षेत्र में 6,956 बूथ हैं। उन्होंने कहा कि चौथे चरण के मतदान में कुल 64,58,036 मतदाता मतदान करेंगे। उनमें 32,38,955 पुरुष, 32,19,039 महिला और 42 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं।

डॉ. नेहा अरोड़ा ने बताया कि सभी बूथ मॉडल मतदान केंद्र हैं। उनमें से 23 बूथ यूनिक हैं। इन बूथों को संबंधित जिला ने वहां की खासियत के अनुसार डेवलप किया है। वहीं 519 बूथों की पूरी कमान महिलाओं के हाथों रहेगी। जबकि, 14 बूथों को दिव्यांगजन और 7 बूथों की जिम्मेदारी युवाओं के कंधों पर होगी। उन्होंने बताया कि किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए एयर एंबुलेंस की भी व्यवस्था की गयी है। उसे जमशेदपुर एयरपोर्ट पर तैयार रखा गया है। उन्होंने बताया कि आचार संहिता लागू होने के बाद से अब तक राज्य में 115 करोड़, 74 लाख 78 हजार से अधिक की अवैध सामग्री और नकदी जब्त की गयी है।

 
 
 
लेखक के बारे में

By Anu Singh

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More