नरेंद्र मोदी ने असंभव को बनाया संभव, जमीन खिसकती देख सारे भ्रष्ट और परिवारवादी हुए एकजुट : अन्नपूर्णा

कोडरमा/गिरिडीह: केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री और कोडरमा संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी ने रविवार को गिरिडीह जिले में स्थित गांडेय विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क किया। जनसंपर्क के दौरान हर गांव में अन्नपूर्णा देवी का आत्मीय स्वागत हुआ। विशेष तौर पर महिलाओं ने स्नेहपूर्वक उनकी अगवानी की, स्वागत किया। 

जनसंपर्क के क्रम में अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले 10 वर्षों के कार्यकाल में कई ऐसे काम किए जो असंभव लगते थे। धारा 370 को निरस्त करना, सर्वानुमति बनाकर वैधानिक मार्ग से राम मंदिर का निर्माण, तीन तलाक से मुस्लिम बहनों को आजादी, काशी विश्वनाथ और महाकाल कॉरिडोर का निर्माण, संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक तिहाई आरक्षण, नागरिकता संशोधन कानून आदि मोदी सरकार के कड़े और बड़े फैसलों ने देश की जनता का आत्मविश्वास और स्वाभिमान बढ़ाया। लेकिन इन फैसलों की वजह से कांग्रेस सहित भाजपा विरोधियों की जमीन खिसकने लगी। 

मोदी सरकार ने देश से भ्रष्टाचार और काले धन के उन्मूलन का अभियान भी शुरू किया। स्वाभाविक रूप से कांग्रेस और उसके सहयोगी इसकी पकड़ में आए क्योंकि सत्ता में रहने के दौरान देश के संसाधनों की लूट करके इन्होंने अकूत नाजायज संपत्ति जमा कर ली थी। 

नरेंद्र मोदी ने वामपंथियों की असत्य आधारित विचारधारा और बनावटी मूल्यों पर भी करारा प्रहार किया। इतिहास और संस्कृति के साथ की गई वामपंथी छेड़छाड़ को उजागर किया और उसे ठीक करने का प्रयास किया। इससे वामपंथियों की झूठ की दुकान का शटर ही गिर गया।  लिहाजा सभी जनाधार विहीन भाजपा विरोधियों ने इकट्ठे होकर भाजपा पर हमला बोलना शुरू किया है। इसके लिए उन्होंने झूठ और तुष्टिकरण को हथियार बनाया है। ये अलग बात है कि जागरूक जनता इनके हर हथकंडे जान गई है और इनके झांसे में नहीं आ रही है। 

चाहे संविधान और लोकतंत्र पर खतरे को लेकर मचाया गया हल्ला हो या आरक्षण खत्म करने का दिखाया गया डर, जनता ने इनके प्रोपगंडा की हवा निकाल दी है। लोगों को पता है कि कांग्रेस और उसके सहयोगियों ने ही सबसे ज्यादा लोकतंत्र और संविधान को लहूलुहान किया है। जहां तक आरक्षण का प्रश्न है लोग कर्नाटक और तेलंगाना में इनके द्वारा ओबीसी के आरक्षण में सेंधमारी कर धर्म के आधार पर मुसलमानों को आरक्षण देने की इनकी करतूत से वाकिफ हो चुके हैं।

लेखक के बारे में

By Kumar Ramesham

इस लेखक की जानकारी जल्द जोड़ी जाएगी।

Read More