कोडरमा: गांधीधाम एक्सप्रेस से टूटा 14 खम्भे का ट्रैक्शन तार, बड़ा रेल हादसा टला

कोडरमा : सोमवार की सुबह बड़ा ट्रेन हादसा उस समय टल गया जब गया-कोडरमा रेल सेक्शन के पहाड़पुर स्टेशन के पास गांधीधाम एक्सप्रेस के पेंटो में फंसकर 14 खम्भे का ट्रैक्शन तार टूट गया। इसके कारण एक भीषण हादसा होने से बाल-बाल बची। गांधी धाम एक्सप्रेस के इंजन का पेंटो भी टूट गया। ट्रैक्शन तार टूटने से गया-कोडरमा रेल सेक्शन पर डाउन लाइन में पांच घण्टे तक ट्रेनों का परिचालन बंद रहा। साथ ही पेंटो के टूट जाने से गांधी धाम एक्सप्रेस करीब तीन घण्टे तक घटना स्थल पर ही रुकी रही।
रेल सूत्रों ने बताया कि पहाड़पुर रेलवे स्टेशन के होम सिंग्नल के पहले सुबह 5:55 बजे घटना हुई। घटना की सूचना पाते ही तीन टावर वैगन के साथ रेल अधिकारी व कर्मी घटना स्थल पहुंचे और टूटे तार को दुरुस्त करने में जुट गए। इस दुर्घटना को लेकर धनबाद रेल मंडल के डीआरएम कमल किशोर सिन्हा अपने विभागीय अधिकारियों की टीम के साथ परख स्पेशल ट्रेन में सवार होकर करीब 9 :30 बजे घटना स्थल पहुंचे। आते ही उनकी टीम ने स्थिति का जायजा लिया। इसी दौरान डीजल इंजन के सहारे गांधी धाम एक्सप्रेस का 9:53 बजे परिचालन कराया गया।
इन ट्रेनों का परिचालन रहा प्रभावित :
ट्रैक्शन तार टूटने की घटना के कारण डाउन लाइन से होकर चलने वाली कई ट्रेनों का परिचालन बाधित हो रहा। जनशताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनो का परिचालन पर बुरा असर पड़ा। पटना से रांची जाने वाली जनशताब्दी एक्सप्रेस, वंदे भारत एक्सप्रेस, आनन्दविहार पुरी एक्सप्रेस, अजमेर सियालदह एक्सप्रेस तथा गया आसनसोल मेमू ट्रेन को टनकुप्पा से गुरपा स्टेशन के बीच सिंगल वर्किंग लाइन के माध्यम से परिचालन कराया गया। इस दुर्घटना से गया-आसनसोल एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन ट्रेनो का करीब तीन से पांच घण्टे परिचालन प्रभावित रहा.
