Lohardaga News: खड़गे से मिले पूर्व सांसद धीरज साहू, सामाजिक न्याय और कांग्रेस संगठन को लेकर हुई चर्चा

नई दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात करते पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू।

झारखंड में ओबीसी, एससी-एसटी की प्रस्तावित आमसभा में शामिल होने का दिया न्योता, कार्यक्रम को लेकर सहमति की बात

नई दिल्ली/लोहरदगा: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद धीरज प्रसाद साहू ने नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की। दोनों नेताओं के बीच झारखंड के राजनीतिक-सामाजिक परिदृश्य, कांग्रेस संगठन की मजबूती और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई।

मुलाकात के दौरान झारखंड में ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्गों के अधिकारों को लेकर प्रस्तावित आमसभा का मुद्दा प्रमुखता से उठा। धीरज साहू ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को प्रस्तावित आमसभा में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, खड़गे ने निमंत्रण स्वीकार करने पर सहमति दी है। आमसभा की तिथि और समय प्रदेश प्रभारी से विचार-विमर्श के बाद निर्धारित किया जाएगा।

बैठक में झारखंड में जमीनी स्तर पर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने पर भी चर्चा हुई। धीरज साहू ने सामाजिक न्याय और समाज के विभिन्न वर्गों के अधिकारों से जुड़े विषयों को लोकतांत्रिक विमर्श का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित आमसभा के माध्यम से ओबीसी, एससी और एसटी वर्गों से जुड़े मुद्दों एवं मांगों को व्यापक मंच देने का प्रयास किया जाएगा।

वहीं, बैठक में सामाजिक न्याय और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने तथा संगठन को जनसरोकारों से जोड़ने पर जोर दिए जाने की बात सामने आई।

गौरतलब है कि सितंबर 2026 में झारखंड कांग्रेस की ओर से ओबीसी से जुड़े मुद्दों को लेकर रांची में लोकभवन मार्च का कार्यक्रम भी आयोजित किया गया था। कांग्रेस ने जातिगत जनगणना में ओबीसी के लिए अलग कॉलम की मांग उठाई थी।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे इससे पहले सितंबर में झारखंड के साहिबगंज और जामताड़ा में सार्वजनिक कार्यक्रमों में भी शामिल हुए थे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More