Koderma News: चौथा शनिवार रविवार और तीन दिवसीय हड़ताल से ठप रहेगा बैंकिंग कामकाज

कोडरमा: त्योहारों से पहले खरीदारी और कारोबार के लिए रूपयों की जरूरत बढ़ने वाली है, लेकिन इसी बीच बैंक 5 दिनों के लिए ग्राहकों से दूर हो जाएंगे। 26 से 30 सितंबर तक बैंक शाखाओं में कामकाज नहीं होगा। 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 को रविवार की छुट्टी है। इसके बाद 28, 29 और 30 सितंबर को यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के आह्वान पर 3 दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल होगी , लगातार 5 दिन शाखाओं पर ताला रहेगा। ऐसे में त्योहार से पहले खरीदारी करने वाले आम लोगों से लेकर व्यापारियों तक की परेशानी बढ़ सकती है।
बैंकिंग कारोबार का आकार भी छोटा नहीं है। आरबीआइ के आंकड़ों पर आधारित उपलब्ध जिला स्तर के आंकड़ों के अनुसार जिले में करीब 54 बैंक हैं। ऐसे में 5 दिन शाखा आधारित बैंकिंग प्रभावित होने का असर सिर्फ ग्राहकों की कतार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि बाजार में भुगतान, व्यापारिक लेनदेन, चेक क्लियरेंस और ऋण से जुड़े काम भी प्रभावित हो सकते हैं।
5 दिन बैंक बंद, बाजार में रूपयों के लेनदेन पर ब्रेक
लगातार छुट्टी और हड़ताल के कारण नकदी जमा-निकासी, चेक से जुड़े काम, पासबुक अपडेट, केवाईसी, ड्राफ्ट, ऋण संबंधी प्रक्रिया और अन्य शाखा आधारित सेवाएं रूकेगी। खासकर छोटे कारोबारी, थोक विक्रेता, दुकानदार और ऐसे ग्राहक जिन्हें बैंक शाखा जाकर काम कराना जरूरी है, उन्हें अतिरिक्त इंतजार करना पड़ सकता है। हाल की बैंक हड़ताल में भी शाखा आधारित नकदी और चेक संबंधी सेवाएं प्रभावित हुई थीं, जबकि यूपीआइ, मोबाइल और इंटरनेट बैंकिंग जैसी डिजिटल सेवाएं सामान्य रूप से चलती रहीं।
त्योहारी सीजन में बाजार में खरीदारी बढ़ने के साथ कारोबारियों को रोजाना भुगतान और नकदी की जरूरत होती है। लगातार 5 दिन शाखा बंद रहने से कई भुगतान आगे खिसक सकते हैं। चेक क्लियरेंस में देरी होने से कारोबारियों की कार्यशील पूंजी भी प्रभावित होने की आशंका है। एटीएम और डिजिटल सेवाएं विकल्प जरूर रहेंगी, लेकिन लंबी बैंक बंदी में नकदी की मांग बढ़ने से एटीएम पर भी दबाव बढ़ सकता है।
2 साल से 5 दिवसीय बैंकिंग का मामला अटका
यूनाइटेड फोरम आफ बैंक यूनियन के द्वारा 12वें द्विपक्षीय समझौते के तहत प्रतिदिन 40 मिनट कार्य अवधि बढ़ाकर 5 दिवसीय बैंकिंग लागू करने पर आरबीआइ की सहमति के बावजूद केंद्र सरकार के स्तर पर मामला गत 2े वर्षों से लंबित है। बैंककर्मी शनिवार और रविवार को नियमित अवकाश घोषित करने की मांग कर रहे हैं। इसी माह 12 सितम्बर में भी इसी मांग को लेकर देशभर में बैंक कर्मचारियों ने हड़ताल पर थे।
अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी
फोरम नेताओं ने वित्त मंत्रालय की पीएलआइ नीति को लेकर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि स्केल-4 और उससे ऊपर के अधिकारियों को 365 दिनों तक के मूल वेतन के बराबर पीएलआइ दिया जा रहा है, जबकि स्केल-थ्री तक के अन्य कर्मियों को मात्र 15 दिनों का पीएलआइ मिल रहा है। इसे कर्मचारियों के मनोबल के विपरीत बताते हुए इसमें बदलाव की मांग की गई है। बैंक यूनियनों ने चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 28, 29 और 30 सितंबर की हड़ताल के बाद 26 अक्टूबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू की जाएगी। ऐसे में सितंबर के 5 दिन की बंदी के बाद अक्टूबर में भी बैंकिंग व्यवस्था पर बड़ा संकट खड़ा हो सकता है।
