Koderma News: सड़क सुरक्षा के प्रहरी बनें एनसीसी कैडेट्स, डीटीओ विजय कुमार सोनी ने किया जागरूक

कोडरमा: युवाओं में नागरिक जिम्मेदारी और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से बागीटांड़ स्थित राजकीय पॉलिटेक्निक कोडरमा परिसर में चल रहे 10 दिवसीय संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी ने करीब 600 एनसीसी कैडेट्स को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। शिविर का आयोजन एनसीसी ग्रुप मुख्यालय हजारीबाग के अंतर्गत 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र के नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में किया जा रहा है।

अपने प्रेरणादायी व्याख्यान में जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी ने कहा कि जीवन, सड़क और वाहन एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं। सड़क सुरक्षा केवल यातायात विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षित यातायात व्यवस्था तभी प्रभावी हो सकती है, जब प्रत्येक व्यक्ति सड़क पर जिम्मेदारी, अनुशासन और सावधानी के साथ यातायात नियमों का पालन करे।

उन्होंने कैडेट्स को पैदल यात्रियों, दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के लिए आवश्यक यातायात नियमों एवं सुरक्षा उपायों की विस्तार से जानकारी दी। हेलमेट और सीट बेल्ट के नियमित उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन, यातायात संकेतों का सम्मान तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन के प्रयोग से बचने पर विशेष जोर दिया।

डीटीओ ने वास्तविक जीवन की घटनाओं एवं उदाहरणों के माध्यम से कैडेट्स को समझाया कि सड़क पर की गई छोटी-सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। एक क्षण की असावधानी वाहन चालक के साथ-साथ राहगीरों और अन्य निर्दोष लोगों के जीवन को भी संकट में डाल सकती है। उन्होंने एनसीसी कैडेट्स से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने तथा अपने परिवार और समाज के अन्य लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि एनसीसी कैडेट्स अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रतीक हैं। इसलिए वे सड़क सुरक्षा के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

कार्यक्रम के समापन पर 45 झारखंड बटालियन एनसीसी, कोडरमा के कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल पारस लिंबू, कीर्ति चक्र ने जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार सोनी को उनके महत्वपूर्ण मार्गदर्शन एवं सड़क सुरक्षा संबंधी जागरूकता संदेश के लिए स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर लेफ्टिनेंट संतोष कुमार, डिप्टी कैंप कमांडेंट; लेफ्टिनेंट चंदन कुमार दुबे; लेफ्टिनेंट डॉ. विजेंद्र कुशवाहा; लेफ्टिनेंट राधिका; गर्ल्स कैडेट इंस्ट्रक्टर शिवानी शर्मा; सूबेदार मेजर जी.के. चौधरी; ट्रेनिंग जेसीओ बलविंदर सिंह तथा ट्रेनिंग एनसीओ सुधीर सहित एनसीसी के अन्य पदाधिकारी एवं प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में

By Samridh Bharat

Samridh Bharat is leading digital media house based in Jharkhand . At Samridh Bharat we completely believe to deliver real, ontime and ethical news content to our readers so that they can update their knowledge and information by 24*7. 

Read More